बुधवार, 3 नवंबर 2021

आओ मिलजुल दिया जलाएं, सारा जग रोशन कर जाएं।

 


आओ मिलजुल दिया जलाएं!!

सारा  जग  रोशन  कर  जाएं।

एक -दूजे  का  हाथ  थाम कर,

आओ  मिल  दिवाली  मनाएं।

आओ मिलजुल दिया जलाएं!!


उम्मीद भरा  हो  एक  दिया,

मन  को  जो  ख़ुश कर जाए।

सारे  तम  और   सारे  भ्रम,

कर  दूर  नया सवेरा  लाएं।

आओ मिलजुल दिया जलाएं!!


सम भाव भरा हो एक दिया,

कलुषित भाव को दूर भगाए।

बन एक धरा की एक संतति,

सब मिल साथ कदम बढ़ाएं।

आओ मिलजुल दिया जलाएं!!


सम्मान भरा  हो  एक  दिया,

आश्वस्त बुजुर्गों को कर जाए।

कोई  कभी  न  हो  अकेला,

आशीष बुजुर्गों का हम पाएं।

आओ मिलजुल दिया जलाएं!!


सुख शांति भरा हो एक दिया,

जो मन के सारे क्लेश मिटाए।

हर  घर  में  हों  खुशियां  पूरी,

आपस  में  सब  प्रेम  बढ़ाएं।

आओ मिलजुल दिया जलाएं!!


ज्ञान   भरा  हो   एक   दिया,

आदर्शों से हम उसको सजाएं।

सबको समझें  एक समान ही,

सबमें  प्रभु  का  दर्शन  पाएं।

आओ मिलजुल दिया जलाएं!!


Smita✍️

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें