डायरी के पन्नों से लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
डायरी के पन्नों से लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 8 जुलाई 2025

किस्से आर्ट कॉलेज के

...और मैंम ने परीक्षा की कॉपी पढ़ ली।


 मैं और मेरा दोस्त आनंद एक ही साथ एक ही क्लास में थे उसने भी वही डिपार्टमेंट लिया जो मैंने लिया था। जिस वजह से प्रैक्टिकल कार्य तो हमारा आसानी से हो जाता लेकिन मामला फँसता थ्योरी के पेपर में। क्योंकि जैसा कि नाम ही उसका आनंद था हमेशा क्लास में आनंदमय ही रहता वह लाख कोशिश कर ले लेकिन थ्योरी उससे याद ही नहीं होती। मैं उसे प्रत्येक दिन याद कराता था कि अजंता में 29 गुफाएं पहले थी लेकिन अब 30 हो गई हैं और एलोरा में 34. अजंता में 9, 10, 19, 26, एवं 30 चैत्य गुफा है और बाकी सब विहार। ठीक उसी प्रकार एलोरा गुफा में हिंदू, ब्राह्मण एवं जैन गुफाएं हैं। जिन्हें तीन मुख्य समूहों में बांटा गया है: 12 बौद्ध गुफाएं, 17 हिंदू गुफाएं, और 05 जैन गुफाएं। ये गुफाएं एक ही चट्टान से काटकर बनाई गई हैं और विभिन्न धर्मों के कलात्मक और धार्मिक पहलुओं को दर्शाती हैं। उस दिन तो वह याद कर लेता और सुना भी देता लेकिन अगले दिन फिर भूल जाता। वह हमेशा एक ही बात बोलना - भाई आगे से पढ़ते हैं एवं पीछे से भूलते चले जाते हैं। लेकिन एक बात हमेशा मेरे समझ से परे रही की वह हर एग्जाम में पास कैसे कर जाता है? मैंने कई बार उससे पूछने की कोशिश भी की तो बोलता कि, मुझे ना एग्जाम के टाइम याद आ जाता है। हम भी बोलते, भाई तुम्हारे पास तो बहुत अच्छा स्किल है, पेपर देखकर तुम्हें हर क्वेश्चन याद आ जाता है। वह हर बार मुस्कुरा कर मेरे इस प्रश्न का उत्तर डाल देता। हमने 2010 में आर्ट कॉलेज में नामांकन लिया था और उसका यह भेद खुला 2013 में, जब हमारे महाविद्यालय में थ्योरी पेपर को पढ़ाने के लिए रश्मि मैंम आई, इससे पूर्व वो केंद्रीय विद्यालय, आरा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। अभी तक जो हमारा थ्योरी का पेपर होता था उसे एक्सटर्नल एक्सपर्ट सेट करते और कॉपी भी बाहर ही जाता चेक करने के लिए। उस समय मैंम ने खुद पेपर सेट किया और कॉपी भी उन्होंने खुद चेक की। हम सभी लोग पास हो गए थे लेकिन आनंद फेल हो गया था। मैं क्या पुरा क्लास आश्चर्य में था की आनंद फेल कैसे हो गया? उसे तो सारा क्वेश्चन परीक्षा में याद हो ही जाता था आज अचानक से क्या हो गया!!! मैंने आनंद से बात करी, पहले तो उसने आना कानी की, फिर बोला- जानते हो भाई मुझे सही में कुछ याद नहीं रहता था, वह तो परीक्षा में.....

आनंद अपनी बात पूरी करता उससे पहले ही रश्मि मैंम ने उसे बुला लिया था। वह डरते-डरते मैंम के केबिन में गया और उधर से उदास हो कर के लौटा। हम सब यह जानने के लिए उत्सुक थे कि आखिर हुआ क्या? वह आते ही बिना भूमिका के बोला- हमारा सोमवार को फिर से एग्जाम है, मैंम ने कहा है, और एग्जाम मैंम अपने सामने लेगी। मैंने थोड़ा मजाकिया अंदाज में कहा- तो इसमें दिक्कत क्या है तुम्हें तो सारा उत्तर प्रश्न देखते ही याद हो जाता है😀 आनंद इस बार थोड़ा झुझलाते हुए कहा - भाई मजाक क्यों कर रहे हो? हम सही बोल रहे है मुझे कुछ याद नहीं होता था। हम सभी चौंकते हुए बोले कि फिर तुम पेपर में लिखते क्या थे? आनंद कुछ देर मौन रहा फिर उन्होंने बोलना शुरू किया - तुम सब हमारी परेशानी नहीं समझोगे!!! और वहां से उठ कर चला गया। आनंद को हम फर्स्ट ईयर से जानते थे उसने कभी यूं गुस्सा नहीं किया था मुझे लगा मैंम के पास जाकर के ही इस समस्या का समाधान ढूंढना चाहिए। चुंकि मैंम की नजरों में हम एक अच्छे स्टूडेंट थे इसलिए सोचे की इसका थोड़ा फायदा उठाते हैं और आनंद की समस्या को समझने का प्रयास करते हैं।

कुछ देर उपरांत हम मैंम के टेबल के सामने थे और आनंद की कॉपी भी सामने पड़ी हुई थी। मैंने कॉपी उठाया और एक-एक लाइन पढ़ना शुरू किया -

प्रश्न १ का उत्तर - हम सुबह 10:00 बजे अपनी साइकिल से कॉलेज पहुंचते हैं तो सीढ़ी के पास लगे वॉटर टैंक में पानी नहीं रहता है, हमें पानी लेने के लिए हॉस्टल में जाना पड़ता है। वहां भी पानी नहीं रहता है तो फिर मोटर चलाते हैं तब जाकर के पानी भरते हैं। मोटर का तार भी खुला हुआ है कई बार वहां लाइन मारने का डर बना रहता है। कॉलेज में बहुत सुधार की जरूरत है। कॉलेज में कैंटीन भी नहीं है। दोपहर में हम सभी बाबा जी का इडली खाते हैं, जो बेचने आते हैं....

मैंने कॉपी पूरा पढ़ा नहीं और रख दिया। मैंम ने मुझे देखा और कहा - मैंने कॉपी पूरी पढ़ी है, अब तुम्ही बताओ उसको क्या नंबर दे?

मैंने कहा- मैंम आनंद का आर्टवर्क बहुत अच्छा है, बस केवल उसे थ्योरी याद नहीं रहता है। आप तो देखते ही हैं वह क्लास में प्रतिदिन आता है। हम उसे थ्योरी याद कराने की बहुत कोशिश करते हैं लेकिन वह भूल जाता है।

मैंम ने कहा- वह तो ठीक है, लेकिन यह सब कॉपी में कौन लिखता है, बताओ हम रिकॉर्ड में क्या रखेंगे?

मैंने कहा- मैंम सोमवार की परीक्षा में उसे थोड़ा छूट दे दीजिएगा, नहीं तो वह फिर से यही सब लिख देगा। मैंम ने मुझे ऐसे देखा जैसे कह रही हो कि "तो हम क्या करें"? मैंने भी मन-ही-मन कहा - मैंम, आपको जो बेहतर लगे वह कर दीजिएगा।

सोमवार का दिन आनंद के लिए थोड़ा सा परेशान करने वाला था लेकिन जब वह परीक्षा देकर आया तो बहुत आनंदमय दिख रहा था। मैंने पूछ लिया - क्या हुआ?

वह उसी मुस्कान के साथ बताया कि "चोरी नहीं डकैती किए हैं।"

मैं सोचने लगा कि मैंम को इतना भी छूट नहीं देना चाहिए था।



बुधवार, 28 फ़रवरी 2024

People's Thoughts About Me!!!



       बिहार के सीवान जिले के अन्तर्गत कोइरीगांवा में 14-06-1993 को जन्में विश्वजीत कुमार की रूची कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में बचपन से ही रही हैं। इन्होंने अपनी शिक्षा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय एवं बड़हड़िया से प्राप्त कर अंबिका दादा हाई स्कूल छित्रवलिया सारण से मैट्रिक एवं के० सी० महाविद्यालय रिविलगंज, सारण से इंटरमीडिएट करने के उपरांत पटना विश्वविद्यालय, पटना से बी०एफ०ए० एवं काशी विद्यापीठ वाराणसी से एम०एफ०ए० पूर्ण कर वर्तमान में मणिपुर इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से Ph.D. कर रहे है। इनका APPLICATION NO.- MIU/PHD/2022/S031C हैं। इसके अलावा मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के अधीन स्वं वित्तपोषित साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग, ओनामा, जिला- शेश्वपुरा में सहायक प्राध्यापक के पद पर 01 DEC. 2017 से 23-08-2021 तक कार्यरत रहे। वर्तमान में यह पाटलीपुत्रा विश्वविद्यालय, पटना के अधीन स्वं वित्तपोषित इस्लामिया टी० टी० (बी०एड०) कॉलेज फुलवारी शरीफ पटना में कार्यरत हैं। इन्होंने अपनी इस छोटी उम्र में ही बहुत सी ख्यातियां प्राप्त की है। जैसे- चित्रकला में राज्यस्तरीय तक पुरस्कार पाना एवं छायांकन में राज्यस्तरीय से राष्ट्रीय स्तर तक पुरस्कार के अलावा और भी कई पुरस्कार सम्मिलित हैं। इन दिनों वे साहित्य के क्षेत्र में भी कार्य कर रहे हैं।

अवधेश कुमार वर्मा 
वैज्ञानिक सहायक - एफ़ 
भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र, 
तारापुर महाराष्ट्र


      साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिग के सभी संकायों में से आपकी छवि सर्वाधिक उत्कृष्ट है। जैसा कि आपका नाम 'विश्वजीत' है जिसे आपने वास्तव में चरित्रार्थ किया है, क्योकि आप महाविद्यालय के प्रत्येक छात्र- छात्राओं के 'मन को जीतने' में भली प्रकार से सफलता प्राप्त की है।

       'विषय' से संबंधित ज्ञान में आप पूर्ण है तथा आपकी शिक्षण विधि उत्तम हैं। आपका व्यक्तित्व सभी को आकर्षित करती है क्योंकि आपके द्वारा बनाया गया चित्र आकर्षक होती है।

      आपकी सबसे बड़ी विशेषता आपकी 'मुस्कान' (😊) है जो आपको आकर्षक बनाती है और सभी को अपनी ओर मोहित कर लेती है। आप अपने कार्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा भाव से समर्पित है जो आपको सफलता के शिखर तक अवश्य रूप से पहुँचाएगी।

आपका प्रिय छात्र एवं शुभचिंतक

Binit kumar 
17B 118 B.Ed. 2017-19



आदरणीय गुरुदेव,
                             प्रणाम 🙏🏻

       मैं, कुन्दन कुमार वर्मा, पिता - श्री विजय कुमार वर्मा, घर - महादेव नगर शेखपुरा, बिहार, वर्ग- B.Ed., सत्र-2018-20, क्रमांक - 18B222 उत्तीर्ण वर्ष - 2021, प्राप्तांक - 77%.

    मेरी इस शैक्षणिक क्रिया का शुभारंभ साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग, ओनामा, बरबीधा, शेखपुरा से हुआ। जिसमें मैने जब नियमित कॉलेज जाना शुरू किया, तथा पठन-पाठन की प्रक्रिया में शामिल हुआ, तो मैने अपनी कोर्स एवं विषय से संबंधित बारिकियों, शिक्षण क्रिया, शिक्षणविधि, कक्षा-कक्ष, यहाँ के प्राचार्य महोदय, प्रशासन, छात्र-छात्राएँ, तथा मुख्य रूप से यहाँ के शिक्षकों को जानने तथा उनसे सीखने का सौगाज्य प्राप्त हुआ। जिसमें मैंने अपने जीवन, अपनी शिक्षण की अवधि, तथा अपनी पुरी शैक्षणिक प्रक्रिया में बहुत कम ही विशेष शिक्षको से सीखने तथा पढ़ने का मौका मिला, जो अपने आप में ही सर्वश्रेष्ठ  है, और वो कोई और नही वो है, "विश्वजीत सर" यानि आप महाशय!

      जैसा कि आपका नाम "विश्वजीत" है, वैसी ही आपके पास पुरे विश्व को जीतने की अद्‌भूत क्षमता है।

महाशय,
     आप एक शिक्षक के साथ एक प्रतिभाशाली कलाकार, चित्रकार, मूर्तिकार, तकनीशियन, पेंटर, दार्शनिक, लेखक, अभिप्रेरक तथा एक कुशल मार्गदर्शक व्यक्ति है जिसे हम एक "पेशवर शिक्षक" के रूप में संबोधित कर सकते है। आपके पास ज्ञान, कला, कौशल, तकनीक, विषय संबधी ज्ञान आदि इतना है की इसे शब्दों में बयाँ नही कर सकता।

      आपकी इन सारी कला कौशलो को तथा तथा शिक्षण क्रिया को मैनें आपके सानिध्य में रहकर शिक्षण प्रक्रिया के माध्यम से सीखा एवं जानकारी प्राप्त की, जिसके फलस्वरूप ही मैंने अपनी B.Ed. कोर्स की पठन अवधि में अच्छा प्राप्तांक लाकर सफल हुआ।

      आपके द्वारा पढ़ाया गया तथा दिखाया गया मार्ग आज भी मेरे जीवन में बहुत बड़ा महत्व रखता है। मैं आपको अपना आदर्श मानता हूँ। मैं जब भी कभी अपने जीवन में किसी कार्य में निराशा को पाता है, आज भी आपके द्वारा दिखाया गया मार्ग तथा शिक्षा का उपयोग कर उसका सामना करता हूँ।
मुझे आज भी आपका निर्देशन तथा मार्गदर्शन मिलता है, जिसे पाकर मैं भी अपने जीवन में सफलता पाने की ओर अग्रसर हूँ।

महाशय,
    आपके द्वारा बनाया गया चित्र, स्केच, कोलाज, कला से संबधित बारिकियाँ, पठनशैली, अनुशासन, पाठ्‌यक्रम से संबधित ज्ञान, कला शिक्षा का उपागम, शिक्षण विधि, नेतृत्व क्षमता, अपने आप में श्रेष्ठ है, जिसे आपकी मुस्कान और भी आकर्षक रूप से प्रस्तुत करके किसी को भी सीखने, जानने तथा समझने के लिए प्रेरित करती है।

     आप अपने कार्यो के प्रति पूर्णरुपेण समर्पित, अनुशाषित, कुशल, जिम्मेदार एवं पेशेवर है, जिससे कोई भी व्यक्ति आपको समझकर तथा जानकर आपकी प्रतिभा से सीख सकता है, यही कला, आपको हमेशा सफलता के मार्ग पर, बिना किसी बाधा के, आपको अग्रसर रखेगा।

इसी कामना के साथ

आपका आज्ञाकारी एवं प्रिय छात्र 
Kundan Kr. Verma 
B.Ed. Roll - 188222.
सत्र-2018-20


        साई कॉलेज ऑफ टीजर्स ट्रेंनिग ओनामा, शेखपुरा (बिहार) में सहायक प्राध्यापक तो बहुत हैं पर मेरे लिए आपकी छवि सर्वश्रेष्ठ रही। महाविद्यालय में आने से पूर्व मेरे जीवन में कुछ ही शिक्षकों के व्यवहार का गहरा प्रभाव पड़ा था और जब महाविद्यालय में मैंने D.El.Ed. में नामांकन, लिया तो आपका व्यक्तित्व को अपने आप में समाहित करने का प्रयास किया। मेरी इच्छा है कि मेरे भावी जीवन पर आपके चरित्र निर्माण की प्रक्रिया, संघर्ष, सहयोग आदि का प्रभाव पड़े जिससे की मैं भी अपने लक्ष्य प्राप्ति की और अग्रसर रह सकूँ ।

       आप सिर्फ कला के ही शिक्षक नही है, बल्कि आप छात्रों के जीवन में प्रगति एवं उन्नति देने के भी कलाकार है। छात्रों की समस्या को बताने से पूर्व ही आप उनकी समस्या को जान लेते थे तथा उन समस्या को अपनी मुस्कान के साथ आसानी से हल कर देते थे।

       आप अपने ज्ञान में पूर्ण है तथा अपने शिक्षण विधि से कई विद्यार्थियों के जीवन को भी बदल दिए हैं। आप अपने कार्यों के प्रति निष्ठाभाव से समर्पित है जो आपको सफलता के शिखर तक निश्चित रूप से पहुंचाएगी।

आपका प्रिय छात्र एवं शुभचिंतक
सुमित कुमार 
D.El.Ed. 2020-2022


         शिक्षक विद्यार्थीयो को ज्ञान देते हैं, उनको पढ़ाते है। बच्चों को पढ़ाकर उनको एक अच्छा नागरिक बनाते हैं। मेरे विश्वविद्यालय में कई शिक्षक है, और सभी मुझे पसंद है। लेकिन उन सब में मेरे सबसे प्रिय शिक्षक "विश्वजीत सर" है।

    आपका व्यक्तित्व बहुत प्रभावी है, साथ ही आपके पढाने का ढंग बाकी शिक्षको से अलग है। आपका पढाया हुआ पाठ्‌यक्रम मैं कभी नहीं भूलता। आपका बाहरी व्यक्तित्व  जितना सुंदर और आकर्षक है, उतना ही आपका स्वभाव मिलनसार है।

       आप सभी विद्यार्थीयो के साथ समान व्यवहार करते है, और उनकी हर परेशानी दूर करते है। छात्र जो भी सवाल पूछते है, आप उनका मुस्कराकर जबाव देते है। आपका कला और फोटोग्राफी सभी बच्चो को सबसे ज्यादा आकर्षित करती है।

    मैं बहुत भाग्यशाली हूं की मुझे आप जैसे शिक्षक मिले। मैं आपका बहुत आदर करता हूँ।

आपका प्रिय छात्र एवं शुभचिंतक

Name - Balkrishna Kumar
Roll no 194340013
Sec - 2019 - 2021.


       साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिग में पहली बार जब आपको देखा, तब आप मंच संचालन कर रहे थे। आप एक प्रखर वक्ता की भाँति अपनी बातों को रख रहे थे , उसके बाद जब हम कॉलेज के कला-कक्ष में गये और आपके चित्रों तथा कलाकृतियों को देखा तो हम आपसे काफी प्रभावित हुए। उससे भी ज्यादा तब जब आप हमें मधुबनी चित्रकला शैली का चित्र बनाना सिखा रहे थे। हमारे गलतियों के बार-बार दुहराने के बाद भी आप हमें शालीनता से सिखाए जा रहे थे, यह शालीनता हमें बहुत अच्छा लगा। आप कभी भी वर्ग में किसी भी छात्र को डाँटते नहीं है। आप हमेशा सभी को मुस्कुरा कर जवाब देते हैं। आपका शिक्षण विधि काफी प्रभावशाली है। जिन चीजों को आपने पढ़ा दिया वह कभी कोई भूल नहीं सकता है। उसकी सबसे बड़ी खास बात है आप चित्र की सहायता लेते हैं, जो लोगो के मस्तिष्क में काफी दिनों तक स्मृत रहती है।

      आपके व्यक्तित्व और विलक्षणता को चंद शब्दों में पिरोया नहीं जा सकता है। आप एक अच्छे चित्रकार, लेखक, फोटोग्राफर और बेहतरीन शिक्षक हैं या चंद शब्दों में अगर कहें कि आप बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। आप अपने कार्यों के प्रति इतने लगनशील हैं कि कोई भी आपको सफलता के शिखर पर पहुँचने से नहीं रोक सकता।

आपका प्रिय छात्र

सुमन्त कुमार 
बी०. एड. 2020-22 
साई कॉलेज ऑफ़ टीचर्स ट्रेनिंग, 
ओनामा (मुंगेर विश्वविद्यालय)


        आज मैं एक ऐसे शिक्षक के बारे में आप सभी को बता रहा हूँ, जो  हमारे दिल 💌 के बेहद करीब रहे हैं। उनका नाम विश्वजीत सर है। जब मैंने साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग में बी.एड. में नामांकन करवाया और कॉलेज का वो हमारा पहला दिन आज भी मुझे याद है, जब सभी प्रशिक्षुओ के साथ-साथ सभी शिक्षणगण भी अपना-अपना परिचय दिए थे। सभी शिक्षकों में से एक ऐसे भी शिक्षक है, जो बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति है वे और कोई नहीं वे हमारे विश्वजीत सर ही है।

        विश्वजीत सर का जैसा नाम वैसा उनका काम भी है। उनका स्वभाव बहुत ही नम्र और दयालु हैं। उनके पढ़ाने का अद्वितीय ढंग मुझे आज भी याद हैं, उन्होंने जो कुछ भी मुझे सीखाया यह सब कुछ मुझे आज भी याद है,  उन्होंने मेरी कला की अवधारणा को स्पष्ट किया। जब भी मुझे कला क्षेत्र से संबंधित कुछ भी कठिनाइया आती तो मै तुरंत उनके पास जाता हूँ। मै उन्हें अच्छे व्यकितत्व और नम्र स्वभाव के कारण बहुत अधिक पसंद करता हूँ।

      वह हमेशा मुस्कुराते😊 हुए हमारी कक्षा में प्रवेश करते हैं और सबसे पहले हमारे स्वास्थ्य के बारे में पूछते हैं कि - "आप लोग कैसे है ?" इनका यह बात मुझे सबसे अच्छा लगता है, जिससे अपनापन का अनुभूति होता है। उनका मुस्कुराता हुआ चेहरा में ही हमारे सवालों के जवाब छुपे हुए होते हैं। वह शिक्षण की अच्छी तकनीकियों के साथ दोस्ताना स्वभाव, हास्य, धैर्यवान और आसानी से सभी परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने वाले शिक्षक हैं। सर, हमेशा हमलोगों को पढ़ाई में सबसे अच्छा करने के लिए प्रोत्साहित करते रहते हैं।

        विश्वजीत सर एक बहुत ही अच्छे चित्रकार, फोटोग्राफर, मंच संचालक कर्ता के साथ-साथ एक बहुत ही अच्छे लेखक भी हैं। ये अच्छे शिक्षक के साथ-साथ ईमानदार व्यकित भी हैं।
    
        सर से मैंने बहुत कुछ सीखा है, और आगे भी उनसे बहुत कुछ सीखना हैं। ये हमारे प्रेरणा स्रोत हैं। उनके उत्साही तथा विनम्र व्यक्तित्व के कारण 'विश्वजीत सर' सभी के चहेते हैं।

आपका प्रिय छात्र
राजकिशन
बी०. एड. 2020-22 
साई कॉलेज ऑफ़ टीचर्स ट्रेनिंग, 
ओनामा (मुंगेर विश्वविद्यालय)



 
       साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिग के सभी संकायों में से आपकी छवि सबसे उत्कृष्ट है। आपकी मेहनत और लगन सभी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ सभी शिक्षकों के लिए प्रशंशा का विषय हैं।

      पाठक्रम के अलावा Extra activity मैं भी आपका विशेष योगदान रहा है। मैं अपने दो वर्षों में जो आप से सीखा हैं ऐसा अनुभुति होता हैं की पिछले 08-10 वर्षों का योग हैं।

     आपका चरित्र कृतार्थ है। आपका व्यक्तित्व आकर्षक है एवं बहुत मेहनती है। आप ने कॉलेज के सभी छात्राओं तथा शिक्षकों का सही मार्गदर्शन किया है। आप अपने कार्यों को पूरी ईमानदारी पूर्वक निर्वाह किया है।

        अत: हम, सभी छात्र-छात्राओ की तरफ से आपको आपकी मंजील तक पहुँचने की मनोकामना करता हूँ।

आपका विश्वासी छात्र एवं शुभ चिंतक
Anish Kumar
18 D 242 D. El. Ed. 2018-20


      साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिग में अध्यापक के रूप में आपका छवि प्रशिक्षुओं  के लिए अत्यंत प्रभावशाली रहा है। आप सबके प्रिये, सबके दिल में बसने वाले, चित्रकला जैसे कठिन subject को भी सरल और Intressing बनाने वाले Story के माध्यम से हर चीज समझाने वाले तथा कितने भी व्यस्त क्यों न हो हर Problems को तुरंत सुलझा देते रहे। हर सांस्कृतिक क्रार्यक्रम में हमे प्रोत्साहित करते रहें।

     आप हमारे जीवन में Painting,
Photography तथा INTERNET जैसे कई विषयों मे रूचि उत्पन्न करते रहे जो कि इससे पहले मुझे उसमे कोई Intrest नहीं था। आप अपने Subject में बहुत ही अनुभवी तथा मेहनती भी हैं। आपका मुस्कुराता चेहरा और नम्र स्वभाव हमारे दिल में आज भी बसता है। महाविद्यालय से निकलने के बाद भी हम आपके द्वारा बताये हुए रास्ते पर चलने का प्रयास निरंतर करते रहेगें। आपके लिए कुछ पंक्तियां -

"ज्योत से ज्योत सजी, सज गया प्रागंण है,
झिलमिल सितारे करते आपका वंदन है।

ज्ञान की अलख जगाने वाले को मेरा,
सत - सत अभिनंदन है!!
 [विश्वजीत सर]

Nisha Bharti
Sai college of Teacher's Training
Roll No. 20B2124 (2020-2022)


Thank You




सोमवार, 4 सितंबर 2023

शिक्षक दिवस👨🏼‍🏫 (Happy Teachers Day)

 


#शिक्षक_दिवस 👨🏼‍🏫 हमेशा से मेरे लिए ख़ास लम्हों में से एक रहा है। विद्यालय में पढ़ते वक्त शिक्षक दिवस के उपलक्ष में ₹1 का एक टिकट विद्यालय की तरफ से मिलता था,  जिसे पॉकेट पर लगाकर एक सप्ताह तक स्कूल जाते थे। विद्यालय एवं महाविद्यालय की पढ़ाई समाप्ति के बाद जब करियर चुनने की बारी आई तो मेरा पहला चयन शिक्षक बनना ही रहा। 2017 से लेकर 2022 तक जीवन में विभिन्न उतार-चढ़ाव आए लेकिन मैंने कभी भी शिक्षा एवं शिक्षण के कार्य को नहीं छोड़ा।


         मेरे विभिन्न आदरणीय गुरुजनों एवं शुभचिंतकों के आशीर्वाद🙌 से आज ही के दिन 05/09/2022 को वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सर्वोपरि शिक्षण संस्थान राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (National Institute of Fashion Technology) में शिक्षण कार्य कराने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। NIFT की मेरी इस एक साल की बेमिसाल यात्रा को शब्दों एवं चित्रों के माध्यम से बयां नहीं किया जा सकता लेकिन फिर भी मैं कुछ चित्रों के माध्यम से उसे एक कोलॉज के रूप में आप सभी के बीच साझा कर रहा हूं। उम्मीद है कि मेरी इस यात्रा एवं अनुभव को देखकर आपसभी भी गौरवान्वित महसूस करेंगे। 🙏🏻













 पुनः आप सभी आदरणीय गुरुजनों एवं शुभचिंतकों के चरणों में सादर प्रणाम 🙏🏻


#Happy_Teachers_Day

सोमवार, 21 मार्च 2022

जज्बातों के भव-सागर🌊 से।


                           छायांकन📸:- मासुम-ए-मौला

ये जो जिंदगी हैं ना वो कभी भी, 

तुम

तक थी ही नही ... 

और दुनिया🌍 बस उतनी ही नहीं है, 

जितना तुम जीते हो।

यह तो अनंत है...... 

तुम्हारी तरह नश्वर नही। 


        इसीलिए अपने हिस्से की जिंदगी को भरपूर मस्ती के साथ जियो क्योंकि तुम्हारे आने से पहले एवं जाने के बाद यह दुनिया🌏 सर्वत्र वैसी ही चलती रहेगी जैसे अभी चल रही है। तुम मात्र एक बड़े भूखंड पर एक छोटे से धूलकण के समान हो जिसके रहने या ना रहने से किसी को कुछ भी फर्क नहीं पड़ता। हां तुम्हारी कमी थोड़ी देर के लिए जरूर खल सकती है लेकिन उस कमी को भी जल्दी ही कोई अवतार आ कर के पुरी कर देता है क्योंकि प्रकृति का नियम है वह किसी भी स्थान को कभी भी खाली नहीं छोड़ती। इसलिए जो जीवन मिला है उसे Full on Masti के साथ Enjoy कीजिये।

क्योंकि, यह जिंदगी ना मिलेगी दोबारा।

शनिवार, 5 फ़रवरी 2022

मेरे जीवन के अनमोल पल। Precious Moments of my life.


मेरे जीवन के अनमोल पल 

          कक्षा प्रथम से लेकर पाँचवी तक घर से स्लेट/तख्ती लेकर स्कूल जाते थे। स्लेट को जीभ से चाटकर-चाटकर अक्षर मिटाने की हमारी स्थाई आदत थी शायद यही वजह है की आज भी हिन्दी के ये सारे टेरे-मेढ़े शब्द मस्तिष्क पर अपनी छाप बनाये हुए है। इसी दरम्यान किसी ने कह दिया की मेरे द्वारा ऐसा करने से पाप लगेगा और विद्यामाता नाराज हो जायेंगी, बस क्या था उसके उपरांत शब्दों को मिटाने के लिए भृंगराज जिसे भोजपुरी में भेंगराज कहते हैं का प्रयोग करने लगे।

       कक्षा के उत्पन्न तनाव को पेन्सिल एवं लिखो-फेको पेन का पिछला हिस्सा चबाकर ही हमनें मिटाया था। हमारे विद्यालय में बैठने के लिए कुर्सी बेंच की व्यवस्था नहीं थी इसकी अनुपलब्धता में घर से बोरी का टुकड़ा बैठने के लिए बगल में दबा कर या बोरे से ही निर्मित झोले में रखकर साथ ले जाते थे। कई दफा शरारत में बच्चे एक-दूसरे का बोरा या बोरे के नीचे रखें चप्पल को कहीं छुपा देते थे, कक्षा का अधिकतर समय शिक्षक को पढ़ाने से ज्यादा बच्चों की समस्या सुलझाने में ही बीत जाता था।

       जब हम कक्षा छः में गए तो पहली दफा अंग्रेजी का ऐल्फाबेट पढ़ा और पहली बार एबीसीडी (ABCD) देखी। एक नई भाषा को देखकर बहुत ही आश्चर्य हो रहा था और सीखने की इच्छा भी जागृत होने लगी। हिंदी में तो सारे अक्षर एक समान ही लिखे जाते हैं और पढ़े जाते हैं अंग्रेजी ही एक ऐसी भाषा है जिसमें छोटा अक्षर, बड़ा अक्षर और लिखे गए शब्द को भी दूसरे तरीके से पढ़ा जाता है। स्मॉल लेटर में बढ़िया एफ (f) बनाना हमें बारहवीं तक भी न आया था और शायद अभी भी नहीं।

        करसीव राइटिंग भी तो कॉलेज में जाकर ही सीख पाये वह भी तब जब बीसीए (B.C.A.) में एडमिशन लिया था क्योंकि असाइनमेंट वगैरह इंग्लिश में ही लिखने होते थे।

उस जमाने के हम बच्चों की अपनी एक अलग ही दुनिया रहती थी।

       कपड़े या बोरे को काटकर बनाए गए थैले में किताब और कापियाँ जमाने का विन्यास हमारा अधिकतम रचनात्मक कौशल था। स्लेट/तख्ती पोतने की तन्मयता हमारी एक किस्म की साधना ही थी। हर साल जब नई कक्षा के बस्ते बंधते (नई काॅपी-किताबें मिलती) तब उन पर जिल्द चढ़ाना हमारे जीवन का स्थाई उत्सव था। शायद इस कला में मैं महारत हासिल किया हुआ था तभी तो स्कूल के सारे बच्चों की कॉपियों एवं किताबों पर मेरे द्वारा ही जिल्द चढ़ाया जाता था। मेरे विद्यालय में मुझे और किसी काम के लिए तो ना सही लेकिन यदि कोई रजिस्टर फट जाए या उस पर नई जिल्द लगानी हो तो सर या मैडम सबसे पहले मुझे ही पुकारते थे।

      सफेद शर्ट और ब्लू पेंट में जब हम हाई स्कूल पहुँचे तो पहली दफा खुद के कुछ बड़े होने का अहसास तो हुआ लेकिन पेंट पहन कर हम शर्मा रहे थे, मन कर रहा था कि वापस निकर पहन लें।

     साईकिल से रोज़ सुबह कतार बना कर चलना और साईकिल की रेस लगाना हमारे जीवन की अधिकतम प्रतिस्पर्धा थी। हर तीसरे दिन पम्प को बड़ी युक्ति से दोनों टांगो के मध्य फंसाकर साईकिल में हवा भरते मगर फिर भी खुद की पेंट को हम काली होने से बचा न पाते थे। घर पहुंचते ही सबसे पहले घरवालो को पता चल जाता कि आज इसने साइकिल में हवा भरी है।

       स्कूल में पिटाते, कान पकड़ कर घंटो मुर्गा बनते मगर हमारा ईगो (EGO) हमें कभी परेशान न करता.... हम उस जमाने के बच्चे शायद तब तक जानते नही थे कि 

#ईगो होता क्या है?

क्लास की पिटाई का रंज अगले घंटे तक काफूर हो जाता, और हम अपने पूरे खिलंदड़ेपन (Playfulness) से हंसते पाए जाते।

       रोज़ सुबह प्रार्थना🙏 के समय पीटी के दौरान एक हाथ फासला लेना होता, मगर फिर भी धक्का-मुक्की में अड़ते भिड़ते सावधान विश्राम करते रहते। पीटी वाले सर के लाख समझाने के बावजूद भी बाय मुड़ और दाएं मुड़ में कभी भी सारे बच्चे एक साथ एक दिशा में नहीं मुड़े।

      हम उस जमाने के बच्चे सपनें देखने का सलीका नही सीख पाते थे, अपनें माँ-पापा को भी ये कभी नही बता पाते थे कि हम उन्हें कितना प्यार करते हैं, क्योंकि "आई लव यू माॅम-डेडी" नहीं आता था !

       हम उस जमाने से निकले बच्चे गिरते-सम्भलते, लड़ते-भिड़ते दुनियां का हिस्सा बने हैं। कुछ मंजिल पा गये हैं तो कुछ यूं ही खो गए हैं। पढ़ाई फिर नौकरी के सिलसिले में कई शहर में रहें लेकिन जमीनी हकीकत जीवन पर्यन्त हमारा पीछा करती रहती है। अपने कपड़ों को सिलवट से बचाए रखना और रिश्तों को अनौपचारिकता से बचाए रखना हमें नहीं आता है।अपने अपने हिस्से का निर्वासन झेलते हम बुनते है कुछ आधे अधूरे से ख़्वाब और फिर जिद की हद तक उन्हें पूरा करने का जुटा लाते है आत्मविश्वास।]

       कितने भी बड़े क्यूँ न हो जायें हम आज भी दोहरा चरित्र नहीं जी पाते हैं, जैसे बाहर दिखते हैं, वैसे ही अन्दर से होते हैं।

हम थोड़े अलग नहीं, पूरे अलग होते हैं।

कह नहीं सकते की हम बुरे थे या अच्छे थे.... यह कार्य हम आप पर छोड़ रहे हैं। आप अपना कीमती सुझाव जरूर प्रदान कीजिएगा🙏

हमारा बचपन 

शनिवार, 27 नवंबर 2021

नवोदय की वो पहली चाय☕ (Navodaya ki wo pahli chai)

        जवाहर नवोदय विद्यालय सुखासन, मधेपुरा (बिहार) में अपना योगदान दिये हुए मुझे एक सप्ताह से ऊपर हो गया था। कमी तो किसी चीज की यहां नहीं थी बस एक ही चीज की तलब महसूस हो रही थी वह थी - चाय☕.

      कैलाश सर, जो को यहां पर गणित के शिक्षक के रूप में मेरे साथ ही योगदान दिए थे। उनके साथ एक दिन सिंहेश्वर धाम जाने एवं भगवान शिव के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कोरोना की गाइडलाइन की वजह से मंदिर का गर्भगृह तो बंद था लेकिन मंदिर के बाहर से ही श्रद्धालुओं के द्वारा पूजा-पाठ किया जा रहा था। मंदिर के बारे में विस्तृत विवरण नीचे दिए गए लिंक से आप पढ़ सकते हैं👇


https://biswajeetk1.blogspot.com/2021/09/blog-post_93.html


फिलहाल हम अपने विषय पर लौटते हैं....

         मंदिर से दर्शन के उपरांत आते समय अचानक से ध्यान आया कि चाय बनाने की सारी सामग्रियां खरीद लेते हैं। चाय के स्वाद में कही कोई कमी ना रह जायें इसलिए याद कर-करके एक-एक चीजें हम खरीद रहे थे। मेरा मानना है कि जिंदगी और चाय में टेस्ट हमेशा बना रहना चाहिए।  अमूमन लोग चाय बनाने के लिए दूध और चायपत्ती की परिकल्पना करते हैं लेकिन मेरी चाय की लिस्ट में सामग्री की सूची लंबी होती जा रही थी, जिसे देख- देखकर कैलाश सर भी आश्चर्यचकित हो रहे थे। अंतिम में मैंने जब 100 ग्राम इलायची की मांग की तो उनसे रहा नहीं गया और बीच मे बोल उठे!!! सर, इतनी इलाइची का क्या कीजिएगा?? ₹05 - ₹10 की ले लीजिए काफी हैं। मैंने उनकी बात को स्वीकार करते हुए 50 ग्राम इलायची ले ली। विद्यालय पहुंचने पर उन्होंने पूरे परिसर में यह बात फैला दी थी आर्ट सर तो चाय के लिए ₹250/- कि केवल इलायची लाये हैं। नवोदय विद्यालय में किसी भी शिक्षक को उसके नाम से कम उसके सब्जेक्ट से ज्यादा जाना जाता है। जैसे मैं आर्ट सब्जेक्ट पढ़ाता आता हूं तो आर्ट सर. कोई रसायन शास्त्र पढ़ाता है तो केमेस्टरी सर... इसकी शुरुआत किसने की इसके बारे में तो मुझे नहीं पता लेकिन सुनकर अच्छा लगता था।

      चाय पीने के लिए कप मैंने दो दिन पहले ही Flipkart से ऑनलाइन ऑर्डर कर दिया था, जो कि एक-दो दिनों में पहुंचने वाला था। अब बस इंतजार था की कब कप आए और चाय की पार्टी की जायें।

       ....इंतजार ज्यादा लंबा नहीं चला और अगले ही दिन शाम में ही 01 दिन पहले Flipkart का कुरियर बॉय आ गया यानी मेरा इंतजार उससे भी नहीं देखा गया शायद! बस!!!, फिर क्या था, फटाफट चाय पार्टी की प्लानिंग बन गई। इवनिंग असेम्बली के बाद मैंने सुदर्शन सर (कंप्यूटर  सर), कैलाश सर (मैथ सर), चंदन सर (इंग्लिश सर), सफान सर (इकोनॉमिक्स सर) और सज्जाद सर को आमंत्रण दे दिया। सज्जाद सर को छोड़कर सभी लोग रूम पर आ गए थे। चाय बनाने के लिए जब मैं किचन में गया तो देखा कि पानी ही नहीं है और मैंने दिन में पानी भरा ही नहीं था। मैं सोच ही रहा था की क्या करूं तभी कंप्यूटर  सर मेरी मदद करने के लिए किचन में आये। जब उन्होंने देखा कि किचन में पानी नहीं है तो फटाफट वो अपने रूम पर गए और और एक बोतल पानी लेकर आए। सज्जाद सर भी आएंगे यह सोचकर मैंने 06 कप चाय बनने के लिए रख दिया। 

       चाय अच्छी बने यह सोचकर मैंने 03-04 चम्मच एक्स्ट्रा ही दूध डाल दिया। चूंकि मैं पाउडर वाले दूध से चाय बना रहा था। वो दूध इतना गाढ़ा हो गया कि चाय वाले बर्तन में ही नीचे एक मोटा लेयर बैठ गया और जलने भी लगा। दूध के जलने की महक पूरे किचन में फैल गई। दूध जलने की महक बगल के रूम में बैठे बाकी सर के पास पहुंचे उससे पूर्व ही मैंने दूध को दूसरे बर्तन में खाली करके फिर से दूध घोला और चाय बनाने की प्रक्रिया पूर्ण की। 

      आखिररकार!!! हमारी मेहनत रंग लाई और चाय बन गई। अब बस उसे कप में निकालना था। कप भी मैंने धो करके तैयार कर लिया। तब-तक कंप्यूटर सर पुनः किचन में आये और बोले कि - सर लेट हो रहा है? मैंने कहा - सर, चाय तैयार हैं बस छान कर ला रहे हैं। तब तक आप ये बिस्किट लेकर चलिए। सुदर्शन सर बिस्किट लेकर चले गए लेकिन मेरे सामने पुन: एक समस्या आ गई और वह यह थी कि चाय की सभी सामग्री खरीदते समय मैंने चाय छानने वाला उपकरण यानी चाय छन्नी खरीदा ही नहीं था। इस समस्या का त्वरित समाधान करना था। मैंने फटाफट एक सफेद सूती का गमछा लाया जिसे कुछ दिनों पूर्व ही खरीदा था उसे लेकर पहले पानी मे अच्छे से धोया फिर उससे चाय छानने का भरसक प्रयास करने लगा क्योंकि मैंने देखा था कि शादी-वगैरह में ऐसे ही सफेद धोती से लोग चाय छानते हैं लेकिन धोती का कपड़ा थोड़ा पतला होता है उससे चाय आसानी से निकल जाती है लेकिन गमछा थोड़ा मोटा था मेरे लाख प्रयत्न के बाद भी चाय गमछे से नहीं निकल पा रहा थी। 

       सफेद रंग का गमछा चाय के रंग से रंगीन हो गया लेकिन कप में चाय नही आया या थोड़ा-बहुत आया। फिर सुई की मदद से उस गमछे में छेद कर-कर के चाय को निकाला। इस प्रयास में चाय मेरे शरीर, कपड़ों एवं जमीन पर गिर गया।पुरी प्रक्रिया के पश्चात मेरे पास 05 कप चाय ही आया और जब मैंने आदमी को गिना तो मुझको लेकर 06 लोग हो रहे थे। फिर मैंने सोचा कि फिलहाल 05 को ही दे देंगे और स्वयं के बारे में विचार करेंगे लेकिन जैसे ही चाय लेकर गया तो देखा कि अभी तक सज्जाद सर नहीं आये थे यानी मुझको लेकर 05 लोग ही हो रहे थे यानी सब के बीच एक-एक कप बंट गया और नवोदय की वो पहली चाय की पार्टी सेलिब्रेट🎉 हो पाई। चाय पार्टी को और अधिक मजेदार मैंने बनाया और कुछ दिन बाद कंप्यूटर सर का जन्मदिन था मैंने उनके लिए एक तस्वीर बनाई थी जो कि उन्हें भेंट की। इस तरह से चाय पार्टी मेरे साथ-साथ कंप्यूटर सर (सुदर्शन सर) के लिए भी यादगार बन गई।









शुक्रवार, 29 अक्टूबर 2021

🌹दीपावली, कुम्हार, और गोधन पूजा🌹

 

🌹दीपावली, कुम्हार, और  गोधन पूजा🌹

       बचपन की कुछ स्मृतियाँ बार-बार मन मस्तिष्क पर आ ही जाती है। हर सभी के मन में दिया-दियारी (दीपावली) त्योहार के दस-पन्द्रह दिन पहलें से पटाखा का विचार मन में आ ही जाता है। हर गाँव में कुम्हार लोग मिट्टी के बने सुन्दर दीयाँ, कोशी, गुल्लक, घाटी, जतोला ले करके आ जातें थे। उसके बदले में कुछ लोग पैसा देते थे, नही तो अधिकतर लोग खेतों से आयी नयी फसल धान को दे देते थे। मेरे यहाँ बड़हरिया एवं बंगरा के कुम्हार लोग आते थे क्योकि मेरे यहाँ कुम्हार जाती के लोग नही थे। सभी का अपना अलग-अलग सीवान (किसी भी गाँव का कोना) बटा रहता था। कोई दूसरा व्यक्ति दूसरें के सीवान में अपना सामान देने नहीं जाता था। गाँव के लोग उनकों पूरा सम्मान देते थे। दीपावली के दिन दीपक जलाने के लिए जो बातीं बनती थी वह घर के बुजुर्गों के धोती से बनती थी। उसको धोबी के यहाँ पहलें दे करके अच्छी तरह से साफ करवा दिया जाता था। त्योहार में सब लोग अपनी-अपनी जिम्मेदारी का अच्छी तरह से निवर्हन करते थे।

         उस समय तीसी व सरसों की पैदावार अच्छी होती थी।अधिकांशतः घरों पर तेल नही खरीदना पड़ता था। धन-धान्य प्रचुर मात्रा में उपलब्ध रहता था। पटाखा भी लोग अनाज से ही खरीद लेते थे। एक किलो या एक सेर में एक दो पैकेट पटाखा🎉 व छुरछुरी🎆 मिल जाया करती थी। आज भी मुझे नागिन🐍 पटाखा याद है।

        आज के जैसे लोग की तरह लोग धूल मिट्टी से परहेज नही करते थे। दीपावली के दूसरे दिन से ही सभी के घरों के बच्चे घर के सदस्यों से अपने खेलने का समान माँगने लगते थे और खूब धूल इकट्ठा करके उसको पीसते थे। फिर जब वापस घरों पर जाते थे तो जो इकट्ठा धूल का ढेर रहता था उसकों फेंक करके चलें जाते थे। 

       दीपावली के दूसरे दिन गोधन का दिन होता था। उस दिन सुबह में गांव की औरतें और महिलाएं मिलकर एक मोहल्ले या टोले में गाय के गोबर से गोधन की आकृतियां बनाती थी और अगले दिन फिर उन्हें कुटा जाता था। बड़ा ही मनोरम दृश्य होता था, गीत-संगीत के माहौल से पूरा वातावरण संगीतमय हो जाता था। उसी दिन रात में सुप एवं कंडा से बाजा बजाते हुए दलिदर खेडने की प्रथा थी जो आज भी चल रही है। उसके बाद से ही घर में जवान हो रहे लड़के एवं लड़कियों की शादी की चर्चाएं होने लगती थी यानी यू कह सकते हैं कि शादी का माहौल शुरू हो जाता था। इन सभी पूजा के बाद फिर आता था बिहार का सबसे बड़ा पर्व छठ महापर्व जिसके बारे में हम अगले लेख में चर्चा करेंगे। 

धन्यवाद🙏

सोमवार, 25 अक्टूबर 2021

मेरे बचपन की यात्रा

 


       बचपन में स्कूल के दिनों में क्लास के दौरान शिक्षक द्वारा पेन माँगते ही हम बच्चों के बीच रॉकेट की गति से गिड़ते-पड़ते सबसे पहले उनकी टेबल तक पहुँच कर पेन देने की अघोषित (Undeclared) प्रतियोगिता होती थी। 

     जब कभी मैम किसी बच्चे को क्लास में कॉपी वितरण में अपनी मदद करने पास बुला ले तो मैडम की सहायता करने वाला बच्चा अकड़ के साथ "अजीमो शाह शहंशाह" बना क्लास में घूम-घूम कर कॉपीया बाँटता और बाकी के बच्चे मुँह उतारे गरीब प्रजा की तरह अपनी बेंच से न हिलने की बाध्यता लिए बैठे रहते। शिक्षक की उपस्थिति में क्लास के भीतर चहल-कदमी की अनुमति आज के समय की कामयाबी की तरफ पहला कदम माना जाता था। 

       हम कभी-कभी सोचते हैं की उस मासूम सी उम्र में उपलब्धियों के मायने कितने अलग होते थे 

  • कला वाले सर ने हमारी ड्रॉइंग पर GOOD लिख दिया।
  • सर ने क्लास में सभी बच्चों के बीच अगर हमें हमारे नाम से पुकार लिया.....
  • गलती से किसी प्रश्न का उत्तर सबसे पहले दे दिए। 

        यदि कभी सर अपना रजिस्टर स्टाफ रूम में रखकर भूल जाते और हमे लाने की बोल दिये तो फीलिंग ऐसे आती थी कि कैबिनेट मिनिस्टरी में चयन हो गया हो और कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रधानमंत्री के पास ले जा रहे हो

      आज भी याद है जब बहुत छोटे थे तब बाज़ार या किसी समारोह में हमारे शिक्षक दिख जाए तो भीड़ की आड़ ले छिप जाते थे। पता नही क्यों??? किसी भी सार्वजनिक जगह पर सर को देख उन से वार्तालाप करने की हिम्मत नहीं होती थी।

        हम कैसे भूल सकते है, अपने उन गणित के सर को जिनके खौफ से 07, 13, 17 और 19 का पहाड़ा याद कर पाए थे और a+b का होल स्क्वायर जिन्हें याद ना करने पर कई दफा क्लास से बाहर खड़ा होना पड़ा था।

       कैसे भूल सकते है उन हिंदी के शिक्षक को जिनके आवेदन पत्रों से ये गूढ़ ज्ञान मिला कि बुखार नही ज्वर पीड़ित होने के साथ विनम्र निवेदन कहने के बाद ही तीन दिन का अवकाश मिल सकता था। बारिश होती है होता नहीं है और ना जाने और कई सारे हिन्दी शब्द जिनका उच्चारण एवं लेखन वो सही कराते थे, जिसके बदौलत मैं आज कुछ लिख पाता हूं।

     वो शिक्षक तो आपको भी बहुत अच्छे से याद होंगे जिन्होंने आपकी क्लास को स्कूल की सबसे शैतान क्लास की उपाधि से नवाज़ा था।😎

        उन शिक्षक को तो कतई नही भुलाया जा सकता हैं जो होमवर्क की कॉपी घर पर भूलने पर ये कहकर कि  ...“कभी खाना खाना भूलते हो?” ... बेइज़्ज़त करने वाले इस तकिया कलाम  से हमें शर्मिंदा करते थे।

       शिक्षक के महज़ इतना कहते ही कि  "एक कोरा पेज़ देना" पूरी कक्षा में फड़फड़ाते 50 पन्ने फट जाते थे। 

       शिक्षक के टेबल के पास खड़े रहकर अपनी कॉपी चेक कराने के बदले यदि सौ दफा सूली पर लटकना पड़े तो वो ज्यादा आसान लगता था। 

      क्लास में शिक्षक के प्रश्न पूछने पर उत्तर याद न आने पर कुछ लड़कों के हाव-भाव ऐसे होते थे कि उत्तर तो उनके ज़ुबान पर रखा है बस जरा सा छोर हाथ में नहीं आ रहा। ये ड्रामेबाज छात्र🙄 उत्तर की तलाश में कभी छत ताकते, कभी आँखे तरेरते, कभी हाथ झटकते। देर तक आडम्बर झेलते-झेलते आखिर शिक्षक के सब्र का बांध टूट जाता। तब शिक्षक आजिज़ होकर कहते:- you, yes you!!! Get out from my class😠

      सुबह की प्रार्थना-सत्र🙏 में जब हम दौड़ते-भागते देर से पहुँचते तो हमारे शिक्षकों को रत्तीभर भी अंदाजा न होता था कि हम शातिर छात्रों का ध्यान प्रार्थना में कम और आज सौभाग्य से कौन-कौन से शिक्षक अनुपस्थित है, के मुआयने में ज्यादा रहता था। 

       आपको वो शिक्षक तो जरूर याद है न, जिन्होंने ज्यादा बात करने वाले दोस्तों की जगह बदल उनकी दोस्ती कमजोर करने की साजिश की थी। 

      मैं आज भी दावा के साथ यह कह सकता हूँ कि एक या दो शिक्षक शर्तिया ऐसे होते है जिनके सिर के पीछे की तरफ़ अदृश्य नेत्र👀 का वरदान मिलता है, ये शिक्षक ब्लैक बोर्ड पर लिखने में व्यस्त रहकर भी चीते की फुर्ती से पलटकर कौन बात कर रहा है का सटीक अंदाज़ लगाते थे। 

       अभी तक तो आपको वो शिक्षक जरूर याद आ गए होंगे जो चॉक का उपयोग लिखने में कम और बात करते बच्चों पर भाला फेंक शैली में मारने में ज्यादा लाते।

     हर क्लास में एक ना एक ऐसा बच्चा जरूर होता था, जिसे अपनी बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन करने में विशेष महारत होती थी और वो प्रश्नपत्र थामे एक अदा से खड़े होते और सादगी से कहते- मैम आई हैव आ डाउट  इन क्वैशच्यन नम्बर 11. हमें डेफिनेशन के साथ उदाहरण भी देना है क्या? उस इंटेलिजेंट की शक्ल देख मेरा खून खौलने लगता😡।

      परीक्षा के बाद जाँची हुई कापियों का बंडल थामे, कॉपी बाँटने क्लास की तरफ आते  शिक्षक साक्षात सुनामी🌊 लगते थे। 

      ये वो दिन थे, जब कागज़ के एक पन्ने को छूकर खाई  'विद्या कसम' के साथ बोली गयी बात, संसार का अकाट्य सत्य हुआ करता था। 

     मेरे लिए आज तक यह रहस्य अनसुलझा ही है शायद आपके लिए भी हो कि खेल के पीरियड का 40 मिनिट छोटा और इतिहास का पीरियड वही 40 मिनिट लम्बा कैसे हो जाता था🤔 ??

        क्लास रूम में मेरी पसंदीदा सबसे आगे की सीट हुआ करती थी। जानते हैं कि सामने की सीट पर बैठने के नुकसान थे तो कुछ फायदे भी थे। मसलन चॉक खत्म हुई तो मैम/सर के इतना कहते ही कि "कोई भी जाओ  बाजू वाली क्लास से चॉक ले आना" सामने की सीट में बैठा बच्चा लपक कर क्लास के बाहर, दूसरी क्लास में "मे आई कम इन मैंम/सर" कह सिंघम वाली स्टाइल में एंट्री करते।

        "सरप्राइज़ चेकिंग" पर, हम पर कापियाँ जमा करने की बिजली भी गिरती थी। सभी बच्चों को चेकिंग के लिए कॉपी टेबल पर ले जाकर रखना अनिवार्य होता था। टेबल पर रखे जा रहे कॉपियों के ऊँचे ढेर में अपनी कॉपी सबसे नीचे दबा आने पर तूफ़ान🌊 को जरा देर के लिए टाल आने की तसल्ली मिलती थी लेकिन तूफान अभी आये या कुछ देर बाद नुकसान उतना ही करता है जितना उसे करना होता है।

          सबसे अधिक दर्द तो वे निर्दयी शिक्षक देते थे जो पीरियड खत्म होने के बाद का भी पाँच मिनट पढ़ाकर हमारे लंच ब्रेक को छोटा कर देते थे। चंद होशियार बच्चे हर क्लास में होते हैं जो मैम के क्लास में प्रवेश करते ही याद दिलाने का सेक्रेटरी वाला काम करते थे "मैम कल आपने होमवर्क दिया था।" जी में आता था इस आइंस्टीन की औलाद को डंडों से धुन के धर दे लेकिन कभी कर ना पाएं।

       इन सभी तमाम शरारतों के बावजूद भी ये बात सौ आने सही हैं कि बरसों बाद उन शिक्षक के प्रति स्नेह और सम्मान बढ़ जाता है, अब वो किसी मोड़ पर अचानक मिल जाएं तो बचपन की तरह अब हम छिपेंगे तो कतई नहीं। आज भी जब मैं अपने उत्क्रमित कन्या प्राथमिक विद्यालय, कोइरी-गाँवा की बिल्डिंग के सामने से गुजरता  हूँ तो लगता है कि एक दिन था जब ये बिल्डिंग मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा थी। अब उस बिल्डिंग में न मेरे दोस्त हैं न हमको पढ़ाने वाले वो शिक्षक। बच्चों को लेट एंट्री से रोकने गेट बंद करते स्टाफ भी नहीं दिखते जिन्हें देखते ही हम दूर से चिल्लाते थे “गेटवां बंद मत करs ऐ भैया हम आवते बानी।” और हम दौड़ते हुए गेट के पास जाते। अब तो वो बूढ़े से बाबा भी नहीं हैं जो मैदम से हस्ताक्षर लेने जब जब लाल रजिस्टर के साथ हमारी क्लास में प्रवेश करते तो बच्चों में ख़ुशी की लहर छा जाती की “कल छुट्टी है।” 

        अब उस विद्यालय के सामने से निकलने पर एक टीस सी उठती है जैसे मेरी कोई बहुत अजीज चीज़ छिन गयी हो। आज भी जब उस इमारत के सामने से निकलता हूँ तो पुरानी यादों में खो जाता हूं।😣

        स्कूल/कालेज की शिक्षा पूरी होते ही व्यवहारिकता के कठोर धरातल में, अपने उत्तरदाइत्वों को निभाते, दूसरे शहरों में रोजगार का पीछा करते, दुनियादारी से दो चार होते, जिम्मेदारियों को ढोते हमारा संपर्क उन सबसे टूट जाता है। जिनसे मिले मार्गदर्शन, स्नेह, अनुशासन, ज्ञान, ईमानदारी, परिश्रम की सीख और लगाव की असंख्य कोहिनूरी यादें किताब में दबे मोरपंख सी साथ होती है। जब चाहा खोल कर उस मखमली अहसास को छू लिया। 

उन सभी मेरे आदर्श शिक्षकों को मेरा प्रणाम🙏.


गुरुवार, 29 जुलाई 2021

देख लेना जगत में तुम विश्वजीत कहलाओगे।


 नभ में बैठे नभ से गगन की खूबसूरती चाहते हैं।

जा दिया तुझको अपनी नीलिमा,

क्या बादलों सी सफेदी चाहते हैं?

बोला गगन मुस्कुराकर, भाई..😊


क्यों आसमां सिर पर उठाये बैठे हो?

थोड़ी तन्हाई मुझको देकर, 

मेरा किसलय तुम बन पाओगे।

देख लेना जगत में तुम विश्वजीत कहलाओगे।

 

  उमा शंकर विद्यार्थी✍️

इतनी प्यारी रचना और शुभ-आशीष के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद सर🙏

 विश्वजीत कुमार.

Click Here and Find More.

शनिवार, 3 जुलाई 2021

मेरी जिंदगी से जुड़े जुड़वां बच्चे

                 जुड़वां भाई और बहनों का मेरी जिंदगी से बहुत जुड़ाव रहा है। जब मेरा जन्म 14 जून 1993 को हुआ था। उस समय मेरे घर पर मेरे दो बड़े भाई यानी बड़े पापा के लड़के, वो जुड़वां ही थे। बचपन उन्हीं के सानिध्य में बिता। थोड़े बड़े हुए तो गांव पर मेरा जो पहला दोस्त बना वह भी जुड़वां। जुड़वां ऐसे के दोनों की शक्ल-सूरत बिल्कुल एक जैसी। मैं क्या शिक्षक भी हमेशा उलझन में रहते कि कौन, कौन है। जब विकट परिस्थिति आती यानी की गलती कौन किया है? तब मुझे पहचान के लिए बुलाते। क्योंकि एक कलाकार की पारखी नजर उस समय भी थोड़ी बहुत विकसीत हो ही गई थी। यह दौर यूं ही चलता रहा और मैं +2 में आ गया। उक्त बातें 2009 की है। जैसा कि एक उम्र में सभी के साथ होता है मेरे साथ भी हुआ लेकिन इसे आप Love नहीं Attraction कह सकते हैं गनीमत यह थी कि वह जुड़वा नहीं थी। लेकिन यह सफर भी लंबा नहीं चला क्योंकि 2010 में मेरा नामांकन पटना में हो गया।

               पहले दिन पटना के कला महाविद्यालय में हम लोगों का स्वागत समारोह रखा गया था हर कोई अपनी खूबसूरती से ज्यादा खूबसूरत हो कर आया था, सिवाय मेरे। क्योंकि मैं गांव से पहली बार पटना गया था। वहां पर वही प्लस टू (+2) वाली दोस्त दिखी मुझे तो सहसा यकीन ही नहीं हुआ कि इसने भी कला महाविद्यालय में नामांकन करा लिया है। फिर मुझे ध्यान आया कि उसे तो Art का A भी नहीं पता था फिर अचानक यहां महाविद्यालय में कैसे ??? मेरा वहम उस समय दूर हुआ जब उसे अपना परिचय देने के लिए मंच पर बुलाया गया। 

             कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना में स्वागत समारोह के दिन सभी छात्रों को मंच पर कुछ गतिविधियां भी संपन्न करनी होती थी। यदि आप कॉलेज गोइंग स्टूडेंट्स होंगे तो आपको पता होगा नहीं तो आप 3 idiot देख लीजिएगा। उस पिक्चर में और मेरे महाविद्यालय में अंतर बस इतना था की कला एवं मेडिकल के छात्रों को पहले दिन से शर्म को त्यागना होता था नहीं तो आगे वह अपना कार्य अच्छे से संपन्न नहीं कर सकते। हमारे यहां इसकी शुरुआत वेलकम पार्टी से ही हो गई। मैं तो कई दिन तक यह सोचता रहा कि यह कैसा स्वागत है।🤔 यदि स्वागत ऐसा है तो परिणाम कैसा होगा? खैर कला महाविद्यालय में मुझे रुकने की एक वजह मिल गई थी प्लस टू वाली दोस्त की हमशक्ल। वह अलग बात थी कि 05 साल तक मैं उसे दोस्त नहीं बना सका। अक्सर मुझे सुनील जोगी की यह पंक्तियां याद आती रही........ 

तुम फौजी अफसर की बेटी, 

मैं तो किसान का बेटा हूं।


तुम रबड़ी खीर मलाई हो, 

मैं तो सत्तू सपरेटा हूं।


तुम AC घर में रहती हो, 

मैं पेड़ के नीचे लेटा हूं।


तुम नई मारुती लगती हो, 

मैं स्कूटर लम्ब्रेटा हूं।


मुश्किल है अपना मेल प्रिये,

यह प्यार नहीं है खेल प्रिये।

                इन 05 सालों के दरमियान मैं उसे दो बार ही अच्छे से देखा। पहली बार वेलकम पार्टी के दिन और दूसरी बार फेयरवेल के दिन। उस दिन उसके चेहरे पर वह मुस्कान नहीं थी जिससे कि मेरे क्लास की शुरुआत होती थी। हर कोई एक दूसरे से गले मिल रहा था। रो रहा था। पता नहीं मुझे ऐसा लगा कि एक परिवार से हम टूट रहे हैं। 05 सालों के दरमियान सभी के साथ एक अटूट रिश्ता बन गया था। वह भी सभी से हाथ मिला रही थी क्योंकि यह सभी के लिए अंतिम मिलन था। मुझे राहत इंदौरी साहब की यह शायरी याद आ गई। 

राज जो कुछ हो इशारों में बता भी देना।

हाथ जब उससे मिलाना तो दबा भी देना।।

            मुझे लगा की शायरी तो बहुत बार सुनी है आज इसका प्रयोग भी करना चाहिए। क्या पता बात बन भी जाए? मैंने भी वही किया जो राहत साहब बताये थे। अगर कोई और दिन रहता तो शायद कुछ और मिलता..... लेकिन उस दिन एक प्यारा सा HUG मिला। 

मैंने बस इतना सुना:- पागल!!! 

मैंने मन ही मन कहा:- वह तो मैं हूं ही CRAZY!!!!.

           कुछ देर बाद अनुभव किया कि मेरे कंधे भींग गए हैं। उसकी आंखों से लगातार आशु गिर रहे थे। मेरी बातें अच्छी लगी या बुरी मैं समझता तब तक बाकी सभी सहपाठी आ गए और बोले कि चलो अंतिम बार ग्रुप फोटो क्लिक करते हैं। मैंने पहली बार फोटो क्लिक करने से मना किया और कहा- नहीं आज के दिन मैं कैमरा का प्रयोग नहीं करूंगा और मैंने अपना कैमरा किसी और को दे दिया, पूरे कार्यक्रम की फोटोग्राफी उसी के द्वारा की गई।

               महाविद्यालय से निकलने के बाद जैसे अमुमन होता है हर छात्र अपनी-अपनी सुविधा अनुसार कार्य करने लगते हैं। लेकिन मैंने अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखी और M.F.A.(Master of Fine Art) यानी PG (पोस्ट ग्रेजुएशन) में नामांकन ले लिया। काशी विद्यापीठ में 2015-17 मेरा सत्र रहा। कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना से हम तीन छात्र वहां नामांकन लिए थे आजाद मैं और चंदन यानी ABC (Ajad, Bishwajeet & Chandan).

In तस्वीर:- Ajad, Chandan & Bishwajeet.

              Welcome Party के दिन जैसे ही हम लोगों का परिचय सत्र शुरू हुआ मैंने कहा:- हम तीन हैं, तीनों पटना आर्ट कॉलेज से आए हैं और हमारा नाम है- ABC. इतना कहना था कि पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। उन हंसी में एक मधुर मुस्कान के साथ हंसी भी थी जो देर तक मेरे कानों में गूंजती रही। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद मेरी नजरे इस मधुर हंसी को ढूंढने का प्रयास की लेकिन वह मिली नहीं। मैंने उसके बारे में वहां के छात्रों से पता किया तो मालूम चला कि वह चित्रकला विभाग से हैं यानी कि मेरे ही वर्ग से है बस विभाग अलग है क्योंकि मैं अप्लाइड आर्ट्स से था। चित्रकला विभाग वालों का स्वागत समारोह (Wel-Come Party) मेरे आने के 02 दिन पहले ही हो गया था इसीलिए उसके बारे में विशेष जानकारी नहीं मिली। लेकिन उसी दिन शाम में वह बजार में मिल गई। 

मैंने कहा:- हाय (Hii)

उसने भी कहा:- हेलो (Hallo)

मैंने कहा:- मेरा नाम विश्वजीत कुमार है और मैं Applied Arts से हूँ। 

तब उसने कहा:- अच्छा-अच्छा आप M.F.A. कर रहे हैं। 

मैंने कहा:- हां, आप भी तो चित्रकला विभाग से हैं। 

उसने चौकते हुए कहां:- आपको कैसे पता? 

मैंने भी बड़े ही गर्व से कहां:- बस पता कर लिये। 

तब वह बोली:- नहीं-नहीं हम पत्रकारिता से PG कर रहे हैं। 

मेरा पूरा रिपोर्ट वहां चकनाचूर हो गया क्योंकि एक पत्रकार से सामना जो हो गया था। 

मैंने कहा:- माफ कीजिए लेकिन आप आज अप्लाइड आर्ट के वेलकम पार्टी में क्यों थी? 

उसने कहा:- मैं तो आज महाविद्यालय में गई ही नहीं थी। 

             मैंने पुनः उससे Sorry कहा और अपने रूम पर आ गया। रात भर वह हंसी मेरे कानों में गूंजती रही। अगले दिन जब पुनः महाविद्यालय गए मुख्य प्रवेश द्वार पर ही मुझे किसी ने आवाज लगाई- 

ओए ए.बी.सी. 

मैंने घूम कर देखा तो वहीं थी फिर से वही हंसी हंसते हुए। 

मैंने कहा- हाय गुड मॉर्निंग, कैसी हो? 

उसने कहां हम तो बहुत अच्छे हैं लेकिन आज तुम तो एकदम से चमक रहे हो। 

मैंने कहा:- हां, आज महाविद्यालय के क्लास का पहला दिन है। 

           मैं उससे कल शाम वाली बात पूछता तब तक सर आ गये और बोले तुम दोनो यहां गेट पर क्या कर रहे हो ? क्लास में जाओ। लंच के दरम्यान मैं महाविद्यालय के कैंटीन में चाय पी रहा था तब तक वह आई और कैंटीन में जितना समोसा था सभी को पैक कराने लगी। समोसा पैक कराने के साथ वह कुछ कह भी रही थी। उसकी बातें सुनने के लिए मैंने एक कप और चाय की ऑर्डर दे दी। वह लगातार बोले जा रही थी- 

खिलाना उसे है और मुझे यहां भेजी समोसा लाने को।

मैं उसके पास गया और बोला- क्या हुआ? 

उसने मुझे ऐसे देखा जैसे पहचानती ही नहीं हो। 

फिर बोली- आरे!!! आप तो वही है ना जो कल बाजार में मिले थे। 

मैंने कहा- हां। फिर वह बोली- तो आप यहां क्या कर रहे हैं? आपके क्लास में पार्टी हो रही है। 

मैंने कहा- पार्टी!! कौन दे रहा है? 

तब तक वह कुछ बोलती है उसका कॉल आ गया और बोली- अरे भाई ला रहे हैं, रुको तो। वह तुरंत वहां से समोसा लेकर निकल गई। मैं वहीं बैठ कुछ सोचते हुए दूसरी कप की चाय पीने लगा।

             तब तक मेरा फोन आया। जैसे फोन उठाया उधर से आवाज आई- 

कहां हो? 

मैंने कहा:- कैंटीन। 

उधर से फिर आवाज आई:- जल्दी से क्लास में आओ। 

मैं तुरंत समझ गया कि यह  आवाज तो उसी की है। 

मैंने पूछा- मेरा नंबर कहां से मिला? 

बस मिल गया यह कहते हुए उसने फोन रख दिया। 

मैं एकदम से दौड़ते हुए क्लाश की ओर बढ़ा तब तक वह समोसा लेकर जाते दिखी। 

मैंने उससे कहा:- फोन क्यों किया? कैंटीन में ही बोल देती। 

उसने एकदम गुस्से से मेरी ओर देखा और बोली- क्या??? 

मैंने आपको फोन किया। और आप मेरे पीछे क्यो पड़े हैं। जाइये आप अपना कार्य कीजिए।

मैंने कहा- देखिए माफ कीजिए लेकिन मेरे एक शंका का समाधान कीजिए। 

उसने कहा- आप मुझे माफ कीजिए और यहां से जाइए प्लीज🙏🏻

          मैं तुरंत अपने क्लास में गया क्योंकि मुझे लगा अब सारा समाधान वही होगा। जैसे क्लास से पहुंचा वह बोली- कैंटीन से आने में इतनी देर।  मेरा जवाब सुनने से पहले वह फिर फोन पर अपनी उंगलियां घुमाते हुए बड़बड़ाई ये अभी तक समोसा क्यों नहीं लाई??? 

मुझे स्थिति धीरे-धीरे समझ में आने लगी थी। वहीं बेंच पर बैठ एक कविता लिखें।

दो बहनें,

मम्मी के गहने।

पापा ने भी

हँस-हँस पहने।


रंग-रूप में

नहीं विभेद।

स्वप्न सुहाने

रही हैं देख।


नाक एक-सी

एक-सी आँखें।

उड़ने को

व्याकुल हैं पंखे।


क़द में बड़ा

न कोई छोटा।

दिखता कोई

न तिलभर मोटा।


मन में इनके

क्या है जाने?

नपी-तुली

दोनों मुस्कानें।


इनको ही

अब चलो सुनाएँ।

कविता झटपट

एक बनाएँ।

             जब उन दोनों बहनों के सामने वह कविता प्रस्तुत किये तो मुझे उनकी हंसी और ताली एक साथ मिली। 

           2017 में जब मेरा मास्टर ऑफ फाइन आर्ट कोर्स पूरा हो गया तब मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के अधीन स्वयं वित्त पोषित कॉलेज साई कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग ओनामा में सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) के पद पर ज्वाइन किये तो यहां भी हर एक बैच में कोई ना कोई जुड़वा जरूर मिलता रहा या आप यूं कह सकते हैं कि मेरी जिंदगी से बहुत से जुड़वा एवं हमशक्ल लोग जुड़े। इसी परिदृश्य में फिर से लगभग 05 साल बाद इस कविता को थोड़ा सा Modified  किये है। आप भी पढ़े।


दो भाई सुकुमारे, 
है ये मम्मी को प्यारे। 

पापा के तो है ये, 
राज-दुलारे। 

रंग-रूप में नहीं, 
हैं कोई विभेद। 

स्वप्न सुहाने,
रहे हैं देख। 

क़द में बड़ा, 
न कोई छोटा। 

दिखता कोई न, 
तिलभर मोटा। 

मन में इनके क्या है? 
यही है जाने। 

नपी-तुली
दोनों की मुस्कानें। 

इनकी ही बाते, 
इन्हें ही सुनाएँ। 

झटपट एक, 
कविता बनाएँ। 

झटपट एक, 
कविता बनाएँ। 
धन्यवाद।🙏🏻