रविवार, 7 नवंबर 2021

D.El.Ed.2nd Year S-1 इकाई -2 शिक्षा के समकालीन मुद्दे (CONTEMPORARY PROPOSITIONS OF EDUCATION)

 आधुनिकीकरण (Modernization) 

      आधुनिकता या आधुनिकीकरण के भाव इन शब्दों में ही समाहित हैं। हम जब आधुनिक शब्द का प्रयोग करते हैं तो कहीं- न-कहीं यह अनुभूति होती है कि हम पुरातन स्थिति से अलग किसी तथ्य या घटना की चर्चा कर रहे हैं इससे यह स्पष्ट होता है कि आधुनिकता को परम्परा से अलग हटकर नहीं देखा जा सकता है। आधुनिकता के सन्दर्भ में व्यक्ति या समाज की तीन स्थितियाँ हो सकती हैं- 

  1. परम्परागत 
  2. संक्रमणशील 
  3. आधुनिक 
    प्रो. श्यामाचरण दुबे जी ने लिखा है कि, "आधुनिकीकरण एक अनिवार्य प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति अथवा समाज परम्परागत अथवा अर्धपरम्परागत स्थिति से निकलकर इच्छुक तकनीकी को पाना चाहता है जो सामाजिक संरचना, मूल्य प्रेरणा, संवेग और प्रतिमान से सम्बन्धित है।" इस परिभाषा से स्पष्ट होता है कि आधुनिकीकरण परम्परागत स्थितियों और अर्धपरम्परागत या संक्रमण स्थितियों से सम्बन्धित अवधारणा है। यह सापेक्ष होती है अर्थात् कभी भी कोई व्यक्ति और समाज पूर्णतः आधुनिक या आधुनिकीकृत नहीं हो सकता है। 

      आधुनिकीकरण वह प्रक्रिया है जिसके द्वारा व्यक्ति और समाज को मानव जाति की नई-नई खोजों, विचारों और उपलब्धियों से परिचित कराया जाता है। इससे उनके दृष्टिकोण और जीवन शैली में परिवर्तन किया जाता है। आधुनिकीकरण का सम्बन्ध हमेशा वर्तमान से रहता है। इस युग में विज्ञान के क्षेत्र में बहुत अधिक खोजे और आविष्कार हुए हैं तभी से इस युग को विज्ञान के युग की संज्ञा से विभूषित किया गया है। जिससे आज मनुष्य का जीवन अन्धविश्वासों पर नहीं, वैज्ञानिक तकनीकी आविष्कारों पर निर्भर है। 


आधुनिकीकरण का अर्थ 

(Meaning of Modernization)


     आधुनिकीकरण क्या है? आधुनिकीकरण, जैसा कि इसके नाम से स्पष्ट है, "आधुनिकता की ओर बढ़ने की प्रक्रिया है।" ऐतिहासिक दृष्टि से, आधुनिकीकरण उन सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक व्यवस्थाओं के प्रकारों की ओर परिवर्तन की प्रक्रिया है जो सत्रहवीं शताब्दी से उन्नीसवीं शताब्दी तक पाश्चात्य यूरोप और उत्तरी अमेरिका में विकसित हुए और फिर वहाँ से अन्य यूरोपीय देशों में फैले हैं तथा उन्नीसवीं और बीसवीं शताब्दी में दक्षिण अमेरिकी, एशियाई और अफ्रीकी महाद्वीपों में फैले हैं।" आधुनिकीकरण आधुनिक समाज की विशेषता है। आधुनिकीकरण की परिभाषाएँ निम्नलिखित हैं:- 

"आधुनिकीकरण की प्रक्रिया, परम्परागत या आधुनिकता पूर्व के समाज का आर्थिक रूप से विकसित, राजनीतिक रूप से स्थिर तथा तकनीकी दृष्टि से विकसित समाज में परिवर्तित होना है।" 

-मूर (1963)

"आधुनिकीकरण एक बहुआयामी प्रक्रिया है। इसके अन्तर्गत उन सभी क्षेत्रों के परिवर्तन आ जाते हैं जिनके द्वारा मनुष्य अपने समाज का संगठन करता है उसकी समस्त राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, बौद्धिक, धार्मिक तथा मनोवैज्ञानिक गतिविधियाँ हैं। 

- हेल्पन 

"रस्टो एवं वार्ड आधुनिकीकरण को एक व्यापक प्रक्रिया मानते हैं जिसके अन्तर्गत भौगोलिक एवं सामाजिक गतिशीलता में वृद्धि धर्मनिरपेक्ष, वैज्ञानिक तथा तकनीकी शिक्षा का प्रसार, प्रदत्त की अपेक्षा अर्जित स्तर का महत्त्व, जीवन के रहन-सहन के स्तर में वृद्धि और सम्बन्धित बातें शामिल हैं।" 

-रस्टो एवं वार्ड  

"आधुनिकीकरण एक ऐसी प्रक्रिया हैं जो व्यक्ति को अपने पारम्परिक रहन-सहन के तरीकों से एक अधिक जटिल, तकनीकी दृष्टि विकसित एवं तीव्रता से परिवर्तनशील जीवन पद्धति को चुनने के लिए बाध्य करती है।"  

-एबर्ट रोजर्स 

"आधुनिकीकरण एक मानसिकता है, न कि राजनीतिक या आर्थिक प्रणाली का एक प्रकार।" 

–राबर्ट बेल्लाह 

उपर्युक्त परिभाषाओं से स्पष्ट होता है कि आधुनिकीकरण मुख्यतः एक स्वस्फूर्त प्रक्रिया है और इसे बाहर से थोपा नहीं जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें