शनिवार, 12 सितंबर 2020

विद्यार्थी, शिक्षक एवं मार्गदर्शकों के लिए ICT की उपयोगिता


विद्यार्थी, शिक्षक, मार्गदर्शक, शैक्षिक नियोजकों एवं प्रशासकों के लिए आई०सी०टी० की उपयोगिता F-12. Video Link:- https://www.youtube.com/watch?v=-uWh5_-L07Y

प्रश्न.-  I.C.T. विद्यार्थी, शिक्षक एवं मार्गदर्शकों के लिए किस प्रकार आवश्यक है ? 

उत्तर -  शिक्षा की दृष्टि से सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी की उपयोगिता एवं महत्त्व निम्न प्रकार हो सकते हैं:- 

  1. विद्यार्थियों के लिए उपयोगी (Useful to the Students)
  2. शिक्षकों के लिए उपयोगी (Useful to the Teachers) 
  3. मार्गदर्शकों के लिए उपयोगी (Useful to the Counsellors) 
  4. शैक्षिक नियोजकों एवं प्रशासकों के लिए उपयोगी (Useful for the Educational Planners and Administrators) 
  1. विद्यार्थियों के लिए उपयोगी (Useful to the Students):- छात्र-छात्राओं के लिए सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी का उपयोग निम्नलिखित कार्यों में हो सकता है-
(a) विद्यार्थी सूचना के स्रोतों से परिचित हो सकेंगे।
(b) सूचनाओं को सम्यक् रूप से एकत्रित करेंगे।
(c) सूचनाओं के एकत्रीकरण के पश्चात आवश्यकतानुसार उपयुक्त अवसर पर उनके उपयोग का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे । 
(d) सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी द्वारा वे समस्या समाधान की योग्यता और निर्णय क्षमता का प्रशिक्षण ग्रहण करेंगे। 
      
        2.शिक्षकों के लिए उपयोगी (Useful to the Teachers):- इससे शिक्षकों को निम्नलिखित लाभ होंगे 
(a) सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी शिक्षण दायित्वों को निभाने में उनकी सहायता कर सकती है। 
(b) प्रभावी शिक्षण कार्य हेतु उन्हें विभिन्न प्रकार की सूचनाओं, आँकड़े और जानकारी की आवश्यकता होती है। इस दृष्टि से सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। भार को कुछ हल्का कर सकते हैं। 
(c) विद्यार्थियों को भी ज्ञान व सूचना के स्त्रोतों से अवगत कराकर शिक्षक अपने कार्य भार को कुछ हल्का कर सकते हैं।
(d) शिक्षण मशीन, कम्प्यूटर निर्देशित स्व-अधिगम सामग्री और अभिक्रमित पाट्य-पुस्तकों आदि के द्वारा वे अपना कार्य अपेक्षाकृत अधिक अच्छे ढंग से कर सकते हैं। 

        3.मार्गदर्शकों के लिए उपयोगी (Useful to the Counsellors):- निर्देशन एवं परामर्श सेवाएं चाहे उनका संचालन विद्यालय परिसर में हो या अन्य संस्थाओं में, सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी हमेशा ही सहायक सिद्ध हो सकती है । इस दृष्टि से यह व्यक्तिगत, व्यावसायिक तथा शैक्षिक से लेकर विभिन्न प्रकार की सम्बन्धित सूचनाओं, आँकड़ों, जानकारी एवं सम्प्रेषण की निरन्तर आवश्यकता रहती है। अत: सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी की सहायता से विश्वसनीय एवं वैघ आँकड़े तथा पूर्ण जानकारियाँ उपलव्य कराई जा सकती है।

         4.शैक्षिक नियोजकों एवं प्रशासकों के लिए उपयोगी (Useful for the Educational Planners and Administrators)- सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी शैक्षिक नियोजन एवं प्रशासन से सम्बन्धित विभिन्न कार्यों की दृष्टि से नियोजकों एवं प्रशासकों के लिए अत्यन्त उपयोगी हो सकती है। ये कार्य निम्न प्रकार हैं- 
(a) शिक्षा सम्बन्धी गतिविधियों का ठीक प्रकार से संचालन करने में सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी मूल्यवान सिद्ध होती है । 
(b) किसी भी प्रकार का योजनाबद्ध कार्य बिना उपयुक्त सूचनाओं, जानकारी एवं आंकड़ों के अभाव में पूर्ण नहीं हो सकता, जैसे- छात्रों को किसी पाठ्यक्रम में प्रवेश देना, परीक्षाएं आयोजित करना, इत्यादि। जैसे सभी कार्य सूचना एवं सम्प्रेषण तकनीकी की सहायता से ही भली-भाँति हो सकते हैं।

गुरुवार, 10 सितंबर 2020

प्राथमिक विद्यालयों की पाठ्यचर्या (Curriculum) में कला समेकित शिक्षा का जुड़ाव


प्राथमिक विद्यालयों की पाठ्यचर्या (Curriculum) में कला समेकित शिक्षा का जुड़ाव D.El.Ed.1st Year. Video Link:- https://www.youtube.com/watch?v=oxByLjbHb-4&t=34s

 प्रश्न:-  प्राथमिक विद्यालयों की पाठ्यचर्या (Curriculum) में कला समेकित शिक्षा को क्यों जोड़ना चाहिए?

उत्तर :- शिक्षार्थी का बहुमुखी विकास ही पाठ्यचर्या (Curriculum) का लक्ष्य होता है। रविन्द्रनाथ टैगोर के अनुसार, "एक विद्यार्थी के प्रमुख व्यक्तित्व के निर्माण एवं विकास में कला शिक्षा शरीर के साथ-साथ मस्तिष्क को प्रेरित करती है। भावनाओं को गति प्रदान कर यह मस्तिष्क का विकास करती है। यह स्मृति बढ़ाती है और वे अन्य विषयों के ज्ञान को प्राप्त करने के लिए सक्षम बनाती हैं।

         कला शिक्षा का यह समन्वय सामाजिक विज्ञान, भाषा विज्ञान तथा गणित जैसे विषयों में सामग्री के रूप में होती है। अवधारणाओं को अर्थपूर्ण समग्रता में आनन्ददायी तरीके से सीखने का सशक्त एवं आसान माध्यम है।

         हमारी शिक्षा व्यवस्था के अन्तर्गत बच्चों के सर्वांगीण विकास की अपेक्षा की जाती है। बच्चे विद्यालय में स्वयं को सहज पायें, सीखने का आनंद लें और स्व-अभिव्यक्ति के अधिकाधिक अवसर पायें। स्वतंत्र चिंतन, सृजनशीलता और सामाजिकता उनके व्यक्तित्व का हिस्सा बने। ऐसा तभी होगा जब विद्यालयों में विभिन्न कलाओं, जैसे - संगीत, नृत्य, नाटक और दृश्य कला की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाएगा। हमारे देश में कोठारी आयोग (1964-66 ) का प्रतिवेदन और 1986 की राष्ट्रीय शिक्षा नीति से लेकर राष्ट्रीय पाठ्यचर्या 2005 की रूपरेखा तक सभी इस बात को स्वीकार करते हैं लेकिन दुर्भाग्यवश हमारे विद्यालयों में अब भी कला को बहुत सतही तौर पर देखा जाता है। कला की प्रतिष्ठा उस तरह से बिल्कुल भी स्थापित नहीं है जिस तरह अन्य विषयों की। पाठ्यक्रम में शामिल होने के बावजूद स्कूलों में कला व्यावहारिक धरातल से कोसों दूर है। विद्यालयों में विभिन्न प्रकार के कलाओं की उपस्थिति स्कूल की शोभा बढ़ाने या स्कूल का कला प्रेम के रूप में मौजूद है।

          हम अपने स्कूलों में कला के नाम पर चित्रकला का महत्व देते हैं। चित्रकला को जो थोड़ी बहुत जगह मिली है वह इसलिए है कि इसमें यह बताना बहुत आसान है कि उन्हें करना क्या है? चित्रकला में हम 'हू-ब-हू' चित्र बनाने के हुनर को 'अच्छा चित्र' बनाने की समझ से बहुत आगे नहीं देख पाते हैं। प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों को विभिन्न कलाओं के माध्यम से अभिव्यक्ति के अवसर उपलब्ध कराना अधिक महत्वपूर्ण है ना कि कला विशेष में पारंगत करना। विभिन्न ज्ञानेन्द्रिय को शामिल कर लेने के गुण के कारण कलाओं में सीखने-सिखाने की अनगिनत गाँठे खोल देने की क्षमता अन्तर्निहित होती है।

बुधवार, 9 सितंबर 2020

कला शिक्षण द्वारा छात्रों में दक्षताओं का विकास


कला शिक्षण द्वारा छात्रों में दक्षताओं का विकास, भाग-1. D.El.Ed.1st Year F-11, Unit-1. Video Link👇🏻



 प्रश्न.- कला शिक्षण द्वारा छात्रों में कौन-कौन सी दक्षताओं का विकास होता है? वर्णन कीजिए । 

उत्तर:- कला शिक्षण द्वारा छात्रों में निम्न दक्षताओं का विकास होता है :- 

  • 1. छात्रों में नेतृत्व की भावना एवं आगे बढ़कर कार्य करने की आदत का विकास :- आगे बढ़कर कार्य करने का मतलब है कि छात्र किसी कठिन व चुनौतीपूर्ण कार्य को करने के लिए सदैव तत्पर रहें न कि वह दूसरों के पीछे छिपें । कला शिक्षण में छात्रों को अनेक ऐसे अवसर प्राप्त होते हैं , जिनके द्वारा छात्र अपने मन में प्रत्येक कार्य को करने की चेष्टा विकसित कर सकते हैं। 
  • 2. छात्रों में जिम्मेदारी का अहसास :- छात्र एक-दूसरे के साथ ताल-मेल बिठाकर कार्य करते हैं। इससे उनमें अपने कार्य को समय पर पूरा करने की आदत व पूर्ण मनोयोग से कार्य करने की भावना का विकास होगा। उदाहरण के तौर पर शास्त्रीय नृत्य तबले की तान पर प्रस्तुत करते समय नृत्य करने वाले छात्र को अपना ध्यान तबले की तान पर केन्द्रित करना होगा एवं तबलावादक की निरन्तर अभ्यास द्वारा किसी भी चूक की सम्भावनाओं को नियन्त्रित करना होगा। इससे छात्र अपने काम के प्रति जिम्मेदार बन सकेंगे।
  • 3. छात्रों में समझ व कौशलों का विकास :- प्रत्येक कार्य को करने से पूर्व छात्रों में उस कार्य के सिद्धान्त व कौशलों से अवगत होना आवश्यक है, तभी उस कार्य को एक यथार्थ रूप दे पायेंगे। उदाहरण के तौर पर नाटक में किसी पात्र को प्रस्तुत करने से पूर्व छात्र के लिए उस पात्र को समझना अत्यन्त आवश्यक होता है। 
  • 4. लाभप्रद प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास :- यह प्रत्येक छात्र को उत्साहित करने के लिए अत्यन्त आवश्यक है। छात्रों को दूसरों के प्रयत्नों को देखकर अपने प्रयासों को बेहतर बनाने के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। 
  • 5. राष्ट्रीय एकता की भावना का विकास :- छात्र राष्ट्र कल्याण के कार्यों में तभी लग सकेंगे, जब वह अपने राष्ट्र से जुड़ सकेंगे तथा भावी भविष्य में खूबसूरती से अपना दायित्व निभा सकेंगे। इसलिए जब छात्र कला से जुड़े किसी कार्य का हिस्सा बनते हैं, तो वह एक-दूसरे के धर्म, संस्कृति को अधिक बेहतर रूप से समझ पाते हैं। इससे उनमें सबके साथ प्यार व एकता से रहने की भावना का विकास होता है। 
  • 6. छात्रों में प्रशंसा करने की भावना का विकास :- छात्रों में दूसरों की प्रशंसा करने की भावना का विकास करना भी अत्यन्त आवश्यक है, जिससे उनमें नफरत, जलन आदि भावों को जगह न मिल सके। इससे वह एक-दूसरे से कुछ-न-कुछ नया भी सीख सकेंगे। एक-दूसरे के अच्छे प्रदर्शन को देखकर छात्र और अधिक मेहनत एवं लगन से कार्य करने के लिए भी प्रोत्साहित होंगे। 
  • 7. छात्रों में सृजनशीलता का विकास :- प्रत्येक कार्य में कुछ नवीनता व सृजनशीलता लाने के प्रवृत्ति का विकास होना अत्यन्त आवश्यक है। इस उद्देश्य को प्राप्ति के लिए छात्र पूर्ण लगन व एकाग्रता से कार्य करेंगे। वह बिना किसी दबाव के स्वछन्द रूप से कार्य करने में सक्षम बन सकेंगे तथा अपने कार्यों में नवीनता लाकर दूसरों के लिए भी मिसाल कायम करेंगे। 
  • 8. छात्रों में अंतर्राष्ट्रीय समझ का विकास :- छात्र जब विश्व की किसी समस्या आदि को अपनी कला के द्वारा व्यक्त करते हैं, चाहे वह आतंकवाद पर एक लघु नाटिका हो या प्रदूषण से जुड़ी चित्रकला तो उनको सोच का दायरा विस्तृत होता है। वह अधिक जागरूक होकर कार्य करते हैं। 
  • 9. छात्रों में नैतिक मूल्यों का विकास :- कला शिक्षण की विभिन्न क्रियाओं में दक्षता अर्जित करने के लिए छात्रों में अनेक मूल्यों व जीवन कौशलों का विकास आवश्यक है। जैसे- धैर्य, लगन, दूसरों का सम्मान करना, समर्पण, नियमितता, भाईचार को भावना, ईमनादारी, एकता, करुणा, शान्ति, सादा जीवन एवं उच्च विचार आदि।
  • 10. छात्रों में आत्मविश्वास की भावना का विकास :- जीवन की विभिन्न परिस्थितयों का सामना करने के लिए छात्रों में बाल्यकाल से आत्मविश्वासी बनाना अत्यन्त आवश्यक है। कला शिक्षण को विभिन्न क्रियाओं द्वारा छात्रों में आत्मविश्वास का विकास अत्यन्त सहज रूप से सम्भव है। उदाहरण के तौर पर जब छात्र  किसी नाटक में भाग लेते हैं तो वह अपने डर व झिझक आदि से ऊपर उठकर अपने पात्र पर ध्यान केन्द्रित करते हुए बड़े जन-समूह का सामना करते हैं। इस प्रकार धीरे-धीरे वह आत्मविश्वासी बन जाते हैं। 
  • 11. स्वच्छन्द रूप से आत्म अभिव्यक्ति की खूबी का विकास :- आत्म अभिव्यक्ति का अर्थ है कि दूसरों को अपने हाव-भाव, संवेगों, भावनाओं आदि से परिचित कराना। यदि छात्र अपनी बात व अपने विभिन्न भावों, जैसे- गुस्सा, उदासी, उत्साह, खुशी आदि को व्यक्त नहीं कर पायेंगे तो वह अपने आप में सिमट जायेंगे तथा विपरीत भावों को व्यक्त न करने पर वह कुंठित मनोवृत्ति से ग्रस्त समस्यात्मक छात्रों की श्रेणी में आ जायेंगे। कला शिक्षण के अलग-अलग सृजनात्मक रूप प्रत्येक छात्र को उसकी रुचि के अनुरूप कार्य करते हुए अपने भावों को व्यक्त करने के भरपूर अवसर प्रदान करते हैं। इससे छात्र अधिक प्रसन्नचित रहकर सामाजिक बन सकेंगे। 
  • 12. सहयोग की भावना का विकास :- सहयोग जीवन के प्रत्येक स्तर पर आवश्यक है। यदि आपस में सहयोग व समन्वय की भावना हो तो कार्य शीघ्रता से बेहतर रूप में किया जा सकता है कला शिक्षण के द्वारा छात्र मिलजुल कर विभिन्न कार्यों को पूरा करते हैं। उदाहरण के तौर पर एक नृत्य में यदि 8-10 छात्र हैं तो कुछ छात्र तो उस नृत्य के चरण लय-ताल के अनुरूप जल्दी सीख जायेंगे। वह अन्य छात्रों की भी इन्हें सीखने में सहायता करेंगे न कि उनकी हंसी उड़ाकर उन्हें हतोत्साहित करेंगे। 
  • 13. एकता की भावना का विकास :- यहाँ एकता को भावना से तात्पर्य है कि एक-दूसरे के कार्य को पूर्ण रूप प्रदान करने में अहमियत समझना। उदाहरण के तौर पर यदि छात्रों ने मिलजुल कर कुछ पोस्टर बनाए हैं तो चित्रांकन करने वाले एवं रंग करने वाले छात्र दोनों का काम महत्त्वपूर्ण है और इस तरह कार्य को पूर्ण करने के लिए उनमें एकता अपने आप विकसित हो जायेगी। 
  • 14. आत्म-अनुशासन :- आत्म अनुशासन सफल जीवन की बुनियाद है। यह कला के सृजनशील रूपों द्वारा सम्भव हैं। उदाहरण के तौर पर जब छात्र किसी वस्तु का चित्र (Object drawing) बनाते हैं, तो उन्हें अपने आपको अनुशासित कर अन्य वस्तुओं पर ध्यान न देते हुए पूर्ण एकाग्रता से उस वस्तु का चित्रांकन करना होता है। 
  • 15. छात्रों में सांस्कृतिक मूल्यों को विकसित करना :- हमारी संस्कृति हमारी धरोहर है। यह हमें जीवन जीने की सही राह दिखलाती है। कला शिक्षण की विभिन्न गतिविधियों द्वारा छात्रों को उनके समाज एवं संस्कृति से जोड़ा जा सकता है। उदाहरण के तौर पर प्रदर्शन कला में श्रवण कुमार की पात्रता निभाते हुए छात्र इस बात को भली - भाँति समझ जायेंगे कि हमारे लिए हमारे माता-पिता सर्वोपरि हैं एवं हमें उनके प्रति अपने कर्तव्य से कभी विमुख नहीं होना चाहिए।

रविवार, 30 अगस्त 2020

“डायरी के पन्नों से”


              नमस्कार 🙏आप सभी का हमारे Blog पर स्वागत है। आज आप सभी के बीच प्रस्तुत हैं “डायरी के पन्नों से” का चौथा अंश। इस श्रृंखला को पढ़कर आप मेरे और मेरे कार्य क्षेत्र को और भी बेहतर तरीके से समझ पाएंगे। जैसा की आप सभी को ज्ञात है कि मैं अपनी आत्मकथा लिख रहा हूं। प्रत्येक रविवार को उसी आत्मकथा के छोटे-छोटे अंश को मैं आप सभी के बीच प्रस्तुत करूंगा और मुझे आपकी प्रतिक्रिया (Comment) का इंतजार रहेगा ताकि मैं इसे और बेहतर तरीके से आप सभी के बीच प्रस्तुत करता रहूं।

तो चलिए प्रस्तुत है, “डायरी के पन्नों से” का चौथा अंश

         हम पिछले रविवार को "डायरी के पन्नों से" में बात किए थे पटना में आने और रूम की व्यवस्था करने के संबंध में। आगे की कहानी अब हम अपने कॉलेज से शुरू करते हैं। प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद एवं नामांकन के पाश्चात मै उस दिन प्रथम बार महाविद्यालय में प्रवेश किया। मेरे हाथ में एक कॉपी और एक स्केच बुक था। चूंकि मैं लगभग 2 महीने विलम्ब से कॉलेज गया था इसी वजह से महाविद्यालय में जो रैंगिग होता था वह लगभग कम हो चुका था फिर भी थोड़ा बहुत चल रहा था। महाविद्यालय परिसर में मुझे ज्ञात नहीं था कि फर्स्ट इयर (1st Year) का क्लास कहां चलता है इसीलिए वहां कार्यरत एक कर्मचारी से अपने क्लास के बारे में पूछा और सीधे अपने क्लास में चला गया। क्लास में 30 से 40 विद्यार्थी थे और एक महाविद्यालय के ही सीनियर छात्र उन्हें कुछ बता रहे थे। उनका नाम पुरुषोत्तम था जो कि मुझे बाद में ज्ञात हुआ। उन्होंने मुझे अपने पास बुलाया और बोले कि:-
 कहां आए हो? 
तुम्हें पता नहीं महाविद्यालय के क्लास में कैसे प्रवेश करना है? 
मैंने कहा- नहीं। 
तब उन्होंने कहा- जाओ बाहर गेट पर जाओ और वहां से फिर अनुमती लो अंदर प्रवेश करने के लिए। मैंने वैसा ही किया गेट के पास गया और बोला कि- 
क्या मैं अंदर आ सकता हूं? 
तब वह बोले कि ठीक है। आओ। जैसे ही मैं अंदर प्रवेश किया उनका पहला प्रश्न था। 
अच्छा यह बताओ अपने महाविद्यालय का नाम क्या है? 
मैंने कहा- कला एवं शिल्प महाविद्यालय और अंग्रेजी में Arts & Crafts College 
वह दो-तीन बार मुझसे यही प्रश्न पूछते रहें और बार-बार बोलते कि सही बोल रहे हो। 
मैंने कहा- हाँ सही बोल रहा हूं। 
तब वह फिर बोले ठीक है। जाओ!!! महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर महाविद्यालय का नाम लिखा हुआ है उसे देख कर आओ। 
मैं क्लास से बाहर निकला और सोचने लगा की नाम तो मैं सही ही बता रहा था लेकिन फिर भी वह क्यों कह रहे हैं कि गलत है। क्योंकि मुझे अच्छी तरह से याद हैं कि मेरे महाविद्यालय का नाम कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना है और इसी को मैंने अंग्रेजी भी कर दिया- Arts & Crafts College मैं महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास जा ही रहा था कि अचानक से मेरी नजर महाविद्यालय के सूचनापट्ट पर पड़ी। जो कि मेरे क्लास के बगल में स्थित तक्षशिला आर्ट गैलरी के पास लगा हुआ था जहां पर महाविद्यालय का नाम हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा हुआ था। हिंदी नाम पढ़ते ही बहुत खुशी हुई जो मैं नाम बता रहा था वही नाम महाविद्यालय का है। कला एवं शिल्प महाविद्यालय। फिर मुझे लगा कि भैया क्यों बोल रहे थे कि गलत है। कहीं उनको भी नाम तो नहीं पता। फिर मैंने अंग्रेजी नाम देखा तो लगा कि गलती कहां हुई थी क्योंकि महाविद्यालय का नाम अंग्रेजी में College of Arts & Crafts है। मैंने तुरंत उस नाम को याद किया और वापस क्लास रूम की तरफ बढ़ चला। कक्षा-कक्ष के द्वार पर पहुंचते ही सबसे पहले मैंने फिर से अंदर आने की अनुमति मांगी क्योंकि कुछ देर पहले इसी के लिए डांट सुन चुका था। मुझे देखते ही वह बोले- 
अरे!!! इतनी जल्दी आ गया, गया नहीं था क्या? 
मैंने कहां- भैया मैं नाम देख कर आ गया। 
तब वह बोले कि ठीक है बताओ। 
मैंने बताया- College of Arts & Crafts, Patna. और हिंदी में कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना।  
अंग्रेजी नाम पहले इसलिए बताया क्योंकि तुरंत याद कर के गया था। अगर कहीं कोई कमी रह जाती तो फिर से वह मुझे दोबारा भेजते। उन्हें इस बात का आश्चर्य हो रहा था कि मैं इतनी जल्दी मुख्य प्रवेश द्वार से नाम याद करके कैसे आ गया। अंत में वह मुझसे पूछ भी दिए कि तुम इतनी जल्दी गेट से कैसे वापस आ गए मैंने कहां- मैं तो मुख्य प्रवेश द्वार के पास गया ही नहीं था।


         अब तो उनका चौंकना लाजिमी था। वह बोले कि- 
मैंने तुम्हें बोला था कि महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर जाकर के नाम देख कर के आना है। तुम किसी से पूछ लिया क्या? 
और फिर उन्होंने क्लास की तरह मुख करते हुए सभी विद्यार्थियों से पूछे कि इसे महाविद्यालय का नाम किसने बता दिया? अब उसको सजा मिलेगी, जो बताया होगा। 
पूरा क्लास मुझे देखने लगा क्योंकि उस दिन मेरा पहला दिन था और ना ही मैं किसी को पहचानता था और ना ही कोई मुझे। लेकिन इस घटना से एक फायदा भी यह हुआ कि उस दिन सभी मुझे पहचान गए क्योंकि मैं वर्ग में प्रवेश करते ही सभी को असहज जो कर दिया था। सभी एक दूसरे को देख रहे थे कि इसे तो कोई पहचानता तो है नहीं फिर बताया कौन होगा?  फिर मैंने सभी की शंका का निवारण किया और बताया कि-
 नहीं, मैंने किसी से पूछा और ना ही, मुझे किसी ने बताया और यह बात भी सत्य है कि मैं महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर भी नहीं गया था।
मैंने महाविद्यालय में निर्मित तक्षशिला आर्ट गैलरी के बगल में लगे सूचनापट्ट पर कॉलेज के नाम को देखा और वहीं से पुनः वापस आ गया क्योंकि तक्षशिला आर्ट गैलरी मेरे वर्ग के ठीक बगल में था और उसमें समय-समय पर उसमें चित्रकला एवं अन्य कलाओं की प्रदर्शनी लगती थी मैंने सभी से कहा कि- मैंने महाविद्यालय का नाम वहीं से देखा है। तब पुरुषोत्तम भैया बोले कि- 
ठीक है, जाओ। अपनी सीट पर बैठो।
और इस तरह कला महाविद्यालय में मेरे पहले दिन की शुरुआत हुई। मैं बाकी महाविद्यालय की तरफ सोच रहा था कि अब क्लास शुरू होगा, प्रोफेसर आएंगे और हमें पेंटिंग सिखाएंगे, मैं उन्हें बनाऊंगा। ऐसे ही तमाम तरह के सवाल मेरे मन में घूम रहे थे और मैं क्लास रूम से कहीं दूर चला गया। कला की हसीन दुनियां में। इस दरम्यान मेरे वर्ग में क्या-क्या घटनाएं घटित हो रही थी मैं उससे एकदम अंजान रहा। ऐसे भी महाविद्यालय में क्लासेस 2 महीने पहले से ही शुरू हो चुका था और लगभग सभी छात्र महाविद्यालय के नियम कानून को भी समझ चुके थे केवल मैं ही था जो इन सभी नियमों से अंजान था। तभी अचानक से मेरे बगल में खड़े छात्र ने मुझसे बोला- 
अरे!!! तुम अपनी सीट पर बैठे हुए हो जल्दी खड़े हो जाओ। 
मैंने अपने आसपास देखा तो पाया कि सभी छात्र एवं छात्राएं अपनी-अपनी सीटों के पास खड़े हैं मैंने सोचा कि इन्हें अचानक से क्या हो गया। मेरे साथ के लड़के ने फिर मुझसे बोला- 
अरे मैंने बोला ना खड़े हो जाओ वर्ग में सीनियर भैया लोग आए हुए हैं।
 मैं अपनी सीट के पास जैसे ही खड़ा हुआ एक भैया की नजर मेरे उपर पर गई और वह मुझे लगभग डांटते हुए बोले कि- 
तुम्हें महाविद्यालय का नियम नहीं पता है!!! सीनियरों का इज्जत करना तुम्हें नहीं आता है!!!  तुम आना बुड्ढा गार्डन।😠 
मैंने कहां- ठीक है भैया मैं आ जाऊंगा। 
मेरे इतना बोलते ही मेरे सभी साथी मेरे तरफ ऐसे देखने लगे कि मैंने क्या गलत बोल दिया। मेरे साथ का लड़का बोला- 
अरे तुमने यह क्या बोल दिया। मैंने कहा कि क्या बोला- उन्होंने कहा कि बुद्धा गार्डन आना। मैंने कहा- ठीक है आ जाऊंगा।
        तभी मेरे वर्ग की एक लड़की जिसका नाम अनीमा था और वह मेरे वर्ग की मॉनिटर भी थी उसने बोली- भैया यह नया लड़का है। आज महाविद्यालय में पहली बार आया है। इसको पता नहीं था, इसे माफ कर दीजिए। वह बोलें की ठीक है। इसको बता देना और फिर सभी को बैठने के लिए कहें। उसके बाद उन्होंने कहा आज हम Human Live Sketch बनाना सीखेंगे और वह मेरे वर्ग के एक लड़के को बुलाए और सामने बैठा दिया हम सबको बोले तुम सभी इसको बनाओ। सभी ने बनाना शुरू किया लगभग 30 मिनट तक हम सभी ने sketch किया और उसके बाद वह सभी के स्केच बुक देखें एवं जहां जो कमी थी उसको बताएं। मैं सोच रहा था कि कैसा कॉलेज है? यहां कोई शिक्षक पढ़ाने आते ही नहीं है क्या? केवल सीनियर ही आ रहे हैं। उनके जाते ही सभी विद्यार्थी मेरे पास आए और महाविद्यालय में सीनियरो के द्वारा जारी सभी नियमों से मुझे अवगत कराएं जो निम्न हैं- 
पहला नियम यह था कि महाविद्यालय में प्रवेश करते ही कहीं भी कोई सीनियर दिखे तो उन्हें नमस्ते भैया एवं नमस्ते दीदी बोलना है और महाविद्यालय में हमेशा शांत, सौम्य बन कर रहना है। यह सब बातें चल ही रही थी कि एक लड़का हमलोगों के रूम में आया उन्हें देखते ही सभी खड़े हो गए और नमस्ते भैया, गुड मॉर्निंग भैया सभी कहने लगे। हम समझ गए थे कि यह भी कोई सीनियर भैया ही हैं। उन्होंने आते ही कहां- सभी फर्स्ट ईयर (1st Year) को बुद्धा गार्डन में आना है। सभी विद्यार्थी डरते-डरते बुड्ढा गार्डन की ओर चल दिये। सिर्फ एक ही विद्यार्थी उन सभी में खुश था और वह था- मैं। क्योंकि मुझे बुद्धा गार्डन के बारे में ज्ञात नहीं था मैं तो बस यह सोचकर हर्षित हो रहा था कि वहां बुद्धा गार्डन मतलब वहां पर भगवान बुद्ध की बहुत सारी प्रतिमाएं होगी। और मेरा अनुमान बिल्कुल सही था वहां पर चारों तरफ भगवान बुद्ध की बहुत सारी प्रतिमाओं का अंकन हुआ था और गार्डन के बीच में भगवान बुध्द का शीश जो कि सोई हुई मुद्रा में बनी थी उसे एक चबूतरे के ऊपर  रखा गया था उसके चारों तरफ रिलीफ वर्क में जातक कथाओं का अंकन भी किया गया था वहीं पर सभी सीनियर छात्र एवं छात्राएं यानी की भैया एवं दीदी बैठे हुए थे।


          
        
         हम सभी ने उन लोगों को नमस्ते किया। चूंकि वर्ग में बुद्धा गार्डन की शुरुआत हमसे ही हुई थी, इसीलिए वहां भी सबसे पहले मुझे ही आगे बुलाया गया और शुरुआत भी मुझसे ही हुई और मुझे ज्ञात भी हो गया कि सभी विद्यार्थी बुद्धा गार्डन आने से क्यों डरते थे। उसके बाद फिर से कुछ नियम बताया गया जैसे:- महाविद्यालय में आते वक्त फॉर्मल ड्रेस में आना है। पैरों में जूता होना ही चाहिए और महाविद्यालय द्वारा प्रदत आई कार्ड (परिचय-पत्र) सभी के गले में होना चाहिए। क्योंकि उस दिन समय अधिक हो गया था इसलिए पुनः सभी को नमस्ते एवं गुड इवनिंग बोल कर हम सभी वहाँ से अपने क्लास में आ गए इस तरह कला एवं शिल्प महाविद्यालय पटना में मेरे पहले दिन की शुरुआत हुई। मुझे पटना आर्ट कॉलेज से बेली रोड होते हुए अपने रूम जाना होता था और शाम के समय में बेली रोड में जाम की समस्या कुछ ज्यादा ही रहती थी क्योंकि फ्लाईओवर उस समय  बेली रोड में बन  रहा था। इसी वजह से मुझे रूम पहुंचते-पहुंचते 1 से 2 घंटे लग जाते थे और रूम जाकर खाना भी बनाना रहता था जिस वजह से मुझे पढ़ाई एवं स्केच का समय बिल्कुल भी नहीं मिल पाता था। सुबह में महाविद्यालय के लिए मैं रूम से 9:00 बजे निकलता और शाम में 5:00 बजे महाविद्यालय से रूम के लिए। रूम पर पहुंचते-पहुंचते मुझे 7:00 से 8:00 बज जाते थे। और यह दिनचर्या जब तक मैं बेली रोड में रहा तब तक चलती रही।

शुक्रवार, 28 अगस्त 2020

भारतीय चित्रकला (Indian Painting)


भारतीय चित्रकला, भाग -01. B.Ed.1st Year. EPC-2 Unit-2. Munger University, Munger. Video Link:- https://www.youtube.com/watch?v=-z9voxc4ZCo

भारतीय चित्रकला, भाग-02 EPC-2, Unit-2. B.Ed.1st Year. Munger University, Munger. Video Link:- https://www.youtube.com/watch?v=G04WVBQQSYg&list=PL9TVIXFOxWRqATIFwPJ605KEpILBq13Pk&index=81

        सौंदर्य को व्यक्त करने के विभिन्न माध्यमों का प्रयोग मानव पीढ़ी-दर-पीढ़ी करता चला आया है और इस माध्यम में कला एक सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। कला की प्रस्तुतिकरण के क्षेत्र में भारत अत्यंत समृद्ध एवं वैभवशाली रहा है।
       भारत कला संस्कृति की दृष्टि से न केवल राष्ट्रीय अपितु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष छवि बनाए हुए हैं। देश को विरासत में मिली साहित्यिक, पुरातात्विक, लोक संस्कृति एवं कलाओं को अधिक प्रभावी एवं सामान्य जन तक पहुंचाने तथा उन्हें जीवंत बनाए रखने की स्वतंत्रता को बरकरार रखने में कला एवं संस्कृति विभाग का भी बहुत बड़ा योगदान है।
भारतीय चित्रकला की विशेषताएं: 
       यह सर्वविदित है कि भारतीय चित्रकला अन्य देशों की कलाओं से भिन्न है और भारतीय कलाओं की कुछ ऐसी महत्वपूर्ण विशेषताएं हैं जो अन्य देशों की कला से इसे अलग कर देती है। ये विशेषताएं निम्नलिखित हैं:-
  • धार्मिकता एवं आध्यात्मिकता:-  विश्व की सभी कलाओं का जन्म धर्म के साथ ही हुआ है। कला के उद्भव में धर्म का बहुत बड़ा योगदान है। धर्म ने ही कला के माध्यम से अपनी धार्मिक मान्यताओं को जन-जन तक पहुंचाया है। भारतीय कला का स्वरूप भी मुख्यत: धर्म प्रधान ही है।
  • अंत: प्रकृति से अंकन:- भारतीय चित्रकला में मनुष्य के स्वभाव या अंतः करण को गहराई तथा पूर्णता से दिखाने का महत्व हैं। अजंता की चित्रावलियों में जंगल, पर्वत, प्रकृति, सरोवर, रंगमहल तथा कथा के पात्र सभी को एक साथ एक ही दृश्य में दिखाया गया है। इसी प्रकार अजंता की गुफाओं में पद्मपाणि के चित्र में कुछ ही रेखाओं के द्वारा गौतम बुद्ध के विचार मुद्रा का जो अंकन हुआ है, वह दर्शनीय हैं।
  • कल्पना (Imagination):-  कल्पना, भारतीय चित्रकला की प्रमुख विशेषता हैं। वह उसके आधार पर ही पली-बढ़ी। अतः उसमें आदर्शवादीता का उचित स्थान है। ऐसे भी भारतीय कलाकारों का मन यर्थाथ की अपेक्षा कल्पना में अधिक रमा । कल्पना का सर्वश्रेष्ठ रूप ब्रह्मा, विष्णु और महेश के रूप में दिखाई देती है। उदाहरण स्वरूप:-  बुद्ध की जन्म जन्मांतर की कथाएं कल्पना प्रस्तुत ही तो है।
  • प्रतीकात्मकता (Symbolic)  भारतीय कला की एक विशेषता उसकी प्रतीकात्मकता में निहित हैं। प्रतीक कला की भाषा होती है। सांकेतिक एवं कलात्मक दोनों प्रतीकों का सर्वाधिक महत्व है।
  • आदर्शवादीता (Idealism):-  भारतीय चित्रकार यथार्थ की अपेक्षा आदर्श में ही विचरण करते हैं। वह संसार में जैसा देखते हैं वैसा चित्रण न करके जैसा होना चाहिए वैसा चित्रण करते हैं।
Eg.- एक महान राजा को कलाकार आदर्श राजा के रूप में ही चित्रित करते हैं ठीक उसी प्रकार भगवान बुद्ध ज्ञान देने वाले के रूप में आदर्श बन गए हैं।
  • मुद्राएं, हाव-भाव (Expression):- भारतीय चित्रकला, मूर्तिकला एवं नृत्य कला में मुद्राओं को अत्यधिक महत्व दिया गया है। आकृति की रचना कलाकार ने यथार्थ की अपेक्षा भाव अथवा गुण के आधार पर ही की है। 
               भरतमुनि के नाट्यशास्त्र के अभिनय प्रकरण में अंगों तथा उपांगो के अलग-अलग प्रयोगों द्वारा अनेक मुद्राओं का अवतरण किया गया है।
उदाहरण स्वरुप:-  ध्यान, विचार, संकेत, उपदेश, क्रोध, प्रेम, इत्यादि। मानवीय भावों को बड़ी ही स्वाभाविक रूप में दर्शाया गया है। अजंता चित्र शैली में दर्शित आकृतियां अपनी भावपूर्ण नृत्य मुद्राओं के कारण संसार भर में प्रसिद्ध हैं। इसी प्रकार मुगल, राजपूत शैलियों में भी बहुत ही सुंदर भावरूप का समावेश हुआ है।
  • रेखा तथा रंग (Line and Colour):- भारतीय चित्रकला रेखा प्रधान हैं। उसमें गति है। रेखाओं द्वारा वाह्य सौंदर्य के साथ-साथ गंभीर भाव भी कलाकारो ने चित्रों में बड़ी ही कुशलता से दर्शाए हैं। आकृतियों में सपाट रंग का प्रयोग किया गया है।
  • अलंकारिकता (Ornamentation):-  भारतीय कला में अलंकरण का अत्यधिक महत्व है क्योंकि भारतीय कलाकारों ने सत्यम शिवम के साथ सुंदरम  की भी कल्पना की है और इसीलिए सुंदर तथा आदर्श रूप के लिए वह अलंकरणो का अपनी चित्र रचना में प्रयोग करता है।
जैसे:-  मुगलकालीन चित्र शैलियों में हाशियों में फूल-पत्तियों, पशु-पक्षियों का अलंकरण देखने को मिलता है। इसके अलावा अजंता की गुफाओं में अलंकृत चित्रावालिया मिलती है जिसमें छतो में अलंकरण प्रमुख है।
  • कलाकारों के नाम (Artist Name):-  प्राचीन काल के कलाकारों ने अपनी कृतियों में नाम अंकित नहीं किए हैं। किंतु राजस्थानी चित्र शैली में कहीं-कहीं कलाकार द्वारा चित्रित चित्र पर कलाकार का नाम अंकित किया हुआ मिलता है। मुगल शैली में तो चित्रों में कलाकार के नाम के साथ साथ-साथ चित्र में रंग किसने भरे हैं? रेखांकन किसने किया है? इत्यादि। तक लिखे हुए मिलते हैं।
  • साहित्य पर आधारित (Based on Literature):- भारतीय चित्रकला साहित्य पर भी आश्रित रही। चित्रकारों ने काव्य में वर्णित साहित्य/कथा के अनुरूप ही चित्रों का निर्माण किया।
  • सामान्य पात्र (Common Character):- भारतीय कला में सामान्य पात्र विधान परंपरागत रूप में विकसित हुआ है जबकि पाश्चात्य कला में व्यक्ति विशिष्ट का महत्व है।

बुधवार, 26 अगस्त 2020

आधुनिक कला शैली {Modern Art}


आधुनिक कला शैली B.Ed.1st Year. EPC-2 Unit-2. Munger University, Munger. Video Link:- https://www.youtube.com/watch?v=d3UzasnWncI

   पुराने या आज-कल से पहले की शैलियों की पुनरावृति से भिन्न, विशेष पद्धति द्वारा बनाई गई कला शैली आधुनिक कला शैली कहलाती है। अभी की आधुनिक शैली भविष्य में एक शैली बन जाएगी और उस समय की विशिष्ट पद्धति आधुनिक कला शैली के नाम से पुकारी जाएगी। अजंता की कला शैली उसके निर्माण काल में आधुनिक कला शैली के रूप में ही थी। परंतु आज वह हमारे सामने अजंता शैली के नाम से विख्यात है।

      घटनाओं के तंतुजाल (Plexus) को कथावस्तु कहते हैं। (घटित घटनाओं का नाटकीय रूप में अंकन कथा कहलाता है) कथावस्तु या कथानक कहानी का मुख्य ढांचा होता है पहले की कला का आधार कहानी ही होता था परन्तु आजकल की कला का संबंध आंतरिक भावों की सूक्ष्म अभिव्यंजना अधिक होती है। आधुनिक कला को देखकर कभी कभी कुछ लोगों को कुछ समझ में नहीं आता हैं। इसका कारण स्पष्ट है कि व्यक्ति कलाकार के मन के भावों को समझ नहीं पा रहा होता है लेकिन जैसे ही कोई दर्शक चित्रकार के मनोभाव को समझते हुए चित्र देखना शुरु करता है उसकी सारी भ्रांतियां दूर हो जाती है और वह चित्र में छुपे हुए रहस्य को समझ सकता है।

भारत में आधुनिक कला की शुरुआत

        विशुद्ध भारतीय जीवन-दर्शन को साकार करने का सर्वप्रथम प्रयाश बंगाल स्कूल के चित्रकार अवनींद्र नाथ ठाकुर के द्वारा किया गया। अवनींद्र नाथ ठाकुर ने भारतीय कला क्षेत्र में नवीन विचारधारा को जन्म दिया। उन्होंने कहा है कि एक भारतीय कलाकार को पाश्चात्य कला की मृगतृष्णा एवं अंधानुकरण के पीछे दौड़ना निरर्थक है। अपनी परंपरागत कला अजंता, एलोरा, राजपूत, मुगल तथा पहाड़ी लघु चित्र शैली को आदर्श मानकर एवं उनका अध्ययन करके समकालीन विषयों का चित्रण करना चाहिए। जिससे उनकी कला में स्वाभाविकता के साथ भारतीय जीवन दर्शन की सत्य अनुभूति प्रकट हो सकती है। हॉवेल के विचारों से प्रेरणा पाकर अवनीन्द्रनाथ ने परंपरागत नियमों, रेखाओं की लयात्मकता, रंगों की मोहकता तथा उनकी विभिन्न शैलियों की प्रमुख विशेषताओं का गहन अध्ययन किया। 1902 ई० में जापानी कलाकार हिसिदा ताइकान कलकता आये। इन्हीं की प्रेरणा से अवनींद्र नाथ  ने चीन एवं जापानी आधार की Wash(प्रक्षालन)/धोना पद्धति की कोमल रंग संगती को अपनाया। भारतीय एवं जापानी शैलियों के सम्मिश्रण से एक नवीन कला शैली विकसित हुई जिसे हम "बंगाल शैली" या "पुनरुत्थान शैली" या फिर "आधुनिक कला शैली" कहते हैं।

B.Ed. 1st Year (2019-21) Exam Date Announced. Tilka Manjhi Bhagalpur University (T.M.B.U)

 


B.Ed. 1st Year (2019-21) Exam Date Announced. Tilka Manjhi Bhagalpur University (T.M.B.U) Video Link:- https://www.youtube.com/watch?v=yTeeU6rsW6c&t=28s



 Exam Date Reschedule.......

B.Ed. 1st Year (2019-21) Exam Date Reschedule. Tilka Manjhi Bhagalpur University (T.M.B.U) Video Link:-  https://www.youtube.com/watch?v=opV1bPnQJAw&t=34s